11 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News: ‘मैं नर्स हूं’ कहकर नवजात को उठाकर भागी महिला, मां के एक फोन से खुल गया पूरा राज

Kanpur Baby Theft Attempt: कानपुर घाटमपुर सीएचसी के जच्चा-बच्चा वार्ड में एक महिला ने खुद को नर्स बताकर नवजात को उठाकर भागने की कोशिश की। मां को शक होने पर परिजनों ने पीछा किया और सिक्योरिटी गार्ड की मदद से महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

2 min read
Google source verification
Kanpur News, Ghatampur News, Baby Theft Attempt, CHC Hospital Kanpur, Newborn Kidnapping, Kanpur Crime News

Kanpur Crime News: कानपुर के घाटमपुर कस्बे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के जच्चा-बच्चा अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने खुद को नर्स बताकर नवजात बच्चे को उठाकर भागने की कोशिश की। परिजनों की सतर्कता और अस्पताल में मौजूद सिक्योरिटी गार्ड की सक्रियता से बच्चा सुरक्षित बच गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिला वार्ड से बच्चे को गोद में लेकर तेजी से बाहर निकलती दिखाई दे रही है। फुटेज सामने आने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

घाटमपुर थाना क्षेत्र के बम्हौरी गांव निवासी अवनीश ने बताया कि उनकी पत्नी मंजू ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के जच्चा-बच्चा वार्ड में अपने पहले बच्चे को जन्म दिया था। परिवार खुशी का माहौल मना रहा था। आरोप है कि एक संदिग्ध महिला दोपहर से ही अस्पताल परिसर में घूम रही थी और वार्ड के आसपास नजर आ रही थी। उस समय किसी ने उसकी गतिविधियों पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।

परिजनों के मुताबिक, महिला जच्चा-बच्चा वार्ड में पहुंची और खुद को अस्पताल की नर्स बताते हुए नवजात को जांच कराने के लिए ले जाने की बात कही। प्रसूता मंजू ने महिला की बात पर भरोसा कर बच्चे को उसके हवाले कर दिया। महिला बच्चे को गोद में लेकर कमरे से बाहर निकल गई।

कुछ ही देर बाद मंजू को महिला की हरकत पर शक हुआ। उसने तुरंत फोन कर परिजनों को बताया कि एक नर्स बच्चे को लेकर गई है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग वार्ड से बाहर की ओर दौड़े। इसी दौरान महिला अस्पताल के गेट की तरफ तेजी से भागने लगी। शोर सुनकर अस्पताल परिसर में मौजूद सिक्योरिटी गार्ड और अन्य तीमारदार भी सक्रिय हो गए। सभी ने पीछा कर महिला को पकड़ लिया और बच्चे को सुरक्षित वापस ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि वह कहां की रहने वाली है और उसका उद्देश्य क्या था।

एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि नवजात को ले जाने की सूचना मिली थी। महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।