12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News: गांजे का ‘हाईवे नेटवर्क’ ध्वस्त, अवैध गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Cannabis smuggling network:कल्याणपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान 20 किलो 500 ग्राम गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों का नेटवर्क उड़ीसा से कानपुर होते हुए पूर्वांचल और उन्नाव तक फैला हुआ था, पुलिस पूरे गिरोह की जांच में जुटी है।

2 min read
Google source verification
Kanpur News, Kalyanpur Police, Drug Bust

जानकारी देते पुलिस अधिकारी

कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की बड़ी खेप के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान एक मारुति कार को रोका, जिसमें तलाशी के दौरान करीब 20 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने कार से कई लग्जरी बैग और अन्य आपत्तिजनक सामान भी जब्त किया है। मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आयुष प्रजापति निवासी नानकारी और राहुल यादव निवासी भुड़कुड़ा, गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आयुष प्रजापति के खिलाफ पहले से ही दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि राहुल यादव पर विभिन्न थानों में लगभग 15 मुकदमे दर्ज हैं। डीसीपी एमएस कासिम आब्दी ने बताया कि मुख्य आरोपी आयुष का पूर्वांचल से गहरा कनेक्शन है और वह पहले भी लूट व डकैती जैसे मामलों में संलिप्त रह चुका है। पुलिस अब दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

उड़ीसा से कानपुर तक सप्लाई चेन

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर कानपुर आ रहे थे। रास्ते में दो से तीन स्थानों पर पहले ही माल की आंशिक सप्लाई कर दी गई थी। बची हुई खेप को कानपुर और आसपास के जिलों में खपाने की योजना थी। पुलिस को आशंका है कि यह पूरा नेटवर्क संगठित तरीके से हाईवे रूट का इस्तेमाल कर तस्करी करता है ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।

पूर्वांचल से उन्नाव तक फैला नेटवर्क, जांच तेज

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह बनारस, गाजीपुर, आजमगढ़, कानपुर देहात और उन्नाव तक फैला हुआ है। इन जिलों में एजेंटों के माध्यम से गांजे की सप्लाई और बिक्री की जाती थी। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस गिरोह के पीछे कुछ बड़े तस्करों का हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश तक फैले इस सप्लाई चैन की गहराई से जांच की जा रही है।