Kanpur Viral Video:कल्याणपुर में ऑटो न हटाने पर हुए विवाद में कार सवार युवकों ने ऑटो चालक की सरेआम पिटाई कर दी। घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कानपुर : कल्याणपुर इलाके में ऑटो न हटाने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। कार सवार एक युवक ने ऑटो चालक की सरेआम पिटाई कर दी। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो सोमवार देर रात का बताया जा रहा है। वीडियो में ऑटो चालक सूर्यभान मिश्रा खून से लथपथ दिखाई दे रहे हैं। सूर्यभान ने बताया कि वह पनकी से बुकिंग पर सवारी छोड़कर कल्याणपुर पहुंचे थे। सवारी उतारने के बाद उन्होंने सड़क किनारे ऑटो खड़ा किया और चाय पीने के लिए रुक गए। इसी दौरान एक कार से दो युवक वहां पहुंचे और ऑटो हटाने के लिए लगातार हॉर्न बजाने लगे।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने केवल इतना कहा कि बगल में जगह खाली है, वहीं से कार निकाल लें। इसी बात पर कार सवार युवक भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सूर्यभान ने इसका विरोध किया तो एक युवक कार से उतरकर मारपीट पर उतर आया। हमले में सूर्यभान के चेहरे और मुंह पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान हो गए।आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, वहीं किसी ने घटना का वीडियो बना लिया जो बाद में वायरल हो गया।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि ऑटो न हटाने को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट का वीडियो प्राप्त हुआ है। वीडियो के आधार पर आरोपी युवक की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।