कानपुर

Kanpur News:पहले घर में घुसकर पीटा, फिर नकदी-जेवर लेकर चली गई पत्नी, छह महीने बाद दर्ज हुई FIR

Kanpur News:कानपुर के कल्याणपुर में पत्नी और उसके जीजा के बीच कथित संबंधों का विरोध करने पर युवक ने मारपीट और नकदी-जेवर ले जाने का आरोप लगाया। शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद न्यायालय के आदेश पर छह महीने बाद 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
2 min read
• •
Oct 17, 2026
Kanpur News
सांकेतिक फोटो

Kanpur Crime News: कानपुर में पत्नी और उसके जीजा के बीच कथित संबंधों का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि पत्नी के मायके पक्ष के लोगों ने 10-12 युवकों के साथ उसके घर में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज की। इसके बाद पत्नी 29 हजार रुपये नकद और पुश्तैनी जेवर लेकर चली गई। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद थाने से लेकर पुलिस आयुक्त तक शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद छह महीने बाद कल्याणपुर पुलिस ने पत्नी, उसके जीजा और अन्य रिश्तेदारों समेत 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

28 नवंबर 2023 में हई थी शादी

कल्याणपुर के अशोक नगर निवासी 28 वर्षीय युवक के मुताबिक, उसकी शादी 28 नवंबर 2023 को चौबेपुर क्षेत्र की युवती से हुई थी। कुछ समय बाद उसे पत्नी और उसके जीजा के बीच कथित संबंधों की जानकारी हुई। युवक का आरोप है कि उसने जब इस बारे में ससुरालीजनों को बताया तो वे नाराज हो गए। उन्होंने बेटी को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए उसे धमकाया। साथ ही झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मरवाने की धमकी भी दी।

घर में घुसकर मारपीट का आरोप

पीड़ित के मुताबिक, 10 मई की रात करीब नौ बजे पत्नी के पिता, भाई और अन्य रिश्तेदार 10-12 अज्ञात युवकों के साथ उसके घर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग जुटने लगे तो आरोपी वहां से भाग निकले। युवक का आरोप है कि कुछ देर बाद उसकी पत्नी घर से 29 हजार रुपये नकद और पुश्तैनी जेवर लेकर चली गई।पीड़ित ने घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे प्रार्थनापत्र देने के लिए कहा। इसके बाद युवक ने 11 मई को कल्याणपुर थाने में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर 13 मई को पुलिस आयुक्त को भी प्रार्थनापत्र दिया। इसके बावजूद सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।

न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

मामले की सुनवाई के बाद एसीजेएम द्वितीय ने कल्याणपुर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने पत्नी, उसके जीजा, पिता, मां, भाई और एक अन्य रिश्तेदार समेत कुल 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें 12 अज्ञात आरोपी भी शामिल हैं।

एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्राथमिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Updated on:
17 Oct 2026 02:23 pm
Published on:
17 Oct 2026 02:23 pm