
कानपुर : कानपुर से सामने आई एक घटना ने चौंका दिया। इस घटना ने समाज की काली सच्चाई को उजागर किया है। कानपुर के पांडु नगर इलाके में एक नवविवाहिता ने अपने ससुराल वालों पर तंत्र-मंत्र के नाम पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि उसे 'करोड़पति बनने' का झांसा देकर निर्वस्त्र होकर पूजा में बैठने पर मजबूर किया गया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी मार्च 2024 में एक संपन्न परिवार में हुई थी, जिसमें करीब 5 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। शादी के कुछ ही दिनों बाद घर का माहौल बदलने लगा और उसे आधी रात के बाद उठाकर तंत्र-मंत्र की पूजा में शामिल होने के लिए मजबूर किया जाने लगा। सास का दावा था कि परिवार की सारी संपत्ति और व्यापार की तरक्की इसी पूजा की देन है। पूजा में शामिल होने के लिए पीड़िता के सामने कपड़े उतारने की शर्त रखी गई, जिसे उसने अपनी पारिवारिक परंपरा के विरुद्ध बताते हुए सिरे से नकार दिया।
विरोध करने पर पीड़िता के साथ हैवानियत की हदें पार कर दी गईं। आरोप है कि उसके पति और ससुर ने जबरन उसके कपड़े उतारे और उसे एक कमरे में बंद कर अभद्र व्यवहार किया। पीड़िता ने बताया कि उसे चप्पलों से पीटा गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हुए कहा गया कि उसके ऊपर किसी 'बुरी शक्ति' का प्रभाव है जिसे ठीक करना जरूरी है। इस दौरान उसके पति ने भी उसका साथ नहीं दिया और वह अपने माता-पिता की अनुचित मांगों का समर्थन करता रहा।
इस प्रताड़ना के साथ-साथ ससुराल पक्ष ने दहेज का लालच भी दिखाया। पीड़िता से मायके से 2 करोड़ रुपये नकद और 1 किलो सोना लाने का दबाव बनाया गया। लगातार हो रही हिंसा और अपमान से तंग आकर जनवरी 2025 में पीड़िता अपने मायके लौट आई और अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों के हस्तक्षेप और पुलिस से संपर्क करने के बाद, कई महीनों तक चले समझौते के असफल प्रयासों के बाद आखिरकार मामला दर्ज किया गया।
वर्तमान में, कानपुर के महिला थाने में पति, सास, ससुर और देवर समेत परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस साक्ष्य जुटा रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी पक्ष घर और दुकान बंद कर फरार बताया जा रहा है, और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।