कानपुर

रूस में भाई की जान पर संकट, बहन ने पीएम मोदी और सीएम योगी से लगाई गुहार, बोली- बचा लीजिए

Human Trafficking:कानपुर के पनकी निवासी युवक को नौकरी का झांसा देकर रूस भेजा गया, जहां 19 दिन बाद परिवार से संपर्क टूट गया। अब उसकी रिहाई के लिए चार हजार डॉलर की फिरौती मांगी जा रही है। बहन ने वायरल वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मदद मांगी है।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 8:26 AM IST
Kanpur News
युवक की फाइल फोटो

Russia Job Fraud:विदेश में अच्छी नौकरी और मोटी कमाई का सपना दिखाकर रूस भेजे गए युवक का 19 दिन बाद परिवार से संपर्क टूट गया। अब उसकी सकुशल वापसी के नाम पर चार हजार डॉलर (करीब साढ़े तीन लाख रुपये) की फिरौती मांगी जा रही है। रकम न देने पर युवक को रूस-यूक्रेन युद्ध में भेजने और उसका सिर काटकर परिवार को भेजने की धमकी दी गई है। भाई की सलामती को लेकर परेशान बहन ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है।

बाइक धुलाई की दुकान पर हुई थी रूस भेजने वालों से मुलाकात

पनकी के रतनपुर कॉलोनी निवासी खुशबू पाल के मुताबिक, उनके 28 वर्षीय भाई सोहन पाल की पनकी में बाइक धुलाई की दुकान थी। वहां आने वाले दो स्थानीय युवकों और खुद को पुलिस कांस्टेबल बताने वाले एक व्यक्ति ने उसे रूस में अच्छी तनख्वाह पर कार चालक की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। सोहन का पासपोर्ट वर्ष 2019 में ही बन गया था। तीनों युवक 11 अक्टूबर को उसे लखनऊ एयरपोर्ट छोड़ने भी गए थे। वहां से वह दिल्ली होते हुए मास्को पहुंचा।

वीडियो कॉल पर दिखाया कमरा और नौकरी के लिए मिली कार

खुशबू के अनुसार, 15 अक्टूबर को सोहन नौकरी ज्वाइन करने के लिए यूनला पहुंचा और फोन कर परिवार को सकुशल पहुंचने की जानकारी दी। इसके बाद 15 अक्टूबर से चार नवंबर तक लगातार परिजनों से उसकी बातचीत होती रही। वह काफी खुश था। वीडियो कॉल पर उसने अपना कमरा और नौकरी के लिए मिली कार भी दिखाई। इस दौरान उसने रूस भेजने वाले एक युवक के खाते में 46 हजार रुपये भी भेजे थे, जो बाद में बड़े भाई ओमजीत के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।

सोहन ने परिवार को बताया था कि दिवाली पर छुट्टी नहीं मिल पाएगी, लेकिन भाई दूज पर वह घर जरूर आएगा। परिवार भी उसके लौटने का इंतजार कर रहा था, लेकिन चार नवंबर के बाद अचानक उसका फोन बंद हो गया।

टेलीग्राम पर भेजी तस्वीर, मांगे चार हजार डॉलर

सोहन से संपर्क टूटने पर परिजनों ने उसे रूस भेजने वाले युवकों और खुद को कांस्टेबल बताने वाले व्यक्ति से जानकारी मांगी, लेकिन सभी ने किसी तरह की जानकारी होने से इन्कार कर दिया। इसके बाद आरोपितों में से एक के बताए 'सातोशी नाकामोशी' नाम के टेलीग्राम अकाउंट पर सोहन के दोस्त ने संपर्क किया। वहां से सोहन की तस्वीर भेजकर उसकी सकुशल वापसी के लिए चार हजार डॉलर की मांग की गई।

परिवार का आरोप है कि रकम नहीं देने पर सोहन को रूस-यूक्रेन युद्ध में भेजने और उसका सिर काटकर घर भेजने की धमकी दी गई। यह सुनकर परिवार के होश उड़ गए। बहन के मुताबिक, भाई की तलाश और मदद के लिए थाने से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक चक्कर लगाए, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई।

मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से लगाई मदद की गुहार

भाई की सलामती को लेकर चिंतित खुशबू पाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने सरकार से भाई को रूस से सकुशल वापस लाने की गुहार लगाई है।

वहीं, पूरे मामले को लेकर डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो संज्ञान में आया है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
20 Nov 2026, 8:26 AM IST
Published on: