
कानपुर। एक वक्त था जब चंबल, यमुना और गंगा के किनारे बसे जिलों में कहा जाता था कि मुलायम सिंह के कुनबे की नींव इतनी मजबूत है कि उसे कोई हिला नहीं सकता। अखाड़े के सुल्तान ने यूपी की सियासत में अकेले दम जगह बनाई और पिछले तीन दशक से उनकी तूती बोलती रही। पर मुलायम सिंह की एक भूल के चलते घर, दिल और दल टूट गया। जिस पार्टी को मुलायम सिंह यादव ने मेहनत के दम पर खड़ा किया, जिस शिवपाल यादव ने खून-पसीने से सींचा वह दो फाड़ हो गई है। बेटे अखिलेश ने पिता की विरासत रूपी साइकिल पर कब्जा कर चाचा को बाहर कर दिया तो भाई शिवपाल ने भी अलग सेक्युलर मोर्चा का गठन कर लोकसभा चुनाव से पहले सपा के अंदर खलबली मचा दी है। शिवपाल फैन्स एसोसिएशन व सेक्युलर मोर्चा के नेताओं की होर्डिंग्स, बैनर और पोस्टरों में मुलायम सिंह को जगह देकर अखिलेश यादव पर दबाव बना दिया है। लोगों का मानना है कि जिसके सिर पर नेता जी का आर्शीवाद होगा वही यूपी की किंग बनेंगा।
खून-पसीने से तैयार किया था दल
मुलायम सिंह यादव ने लोहिया को अपना नेता मानकर उनके बताए रास्ते पर चल दिया और पिछड़े, गरीब, मजदूर और किसान नेता के रूप में यूपी में अपनी जगह बनाई। मुलायम सिंह को यूपी की राजनीति का किंग कहा जाता था और विरोधी भी उनके हर फैसले की दाद देते थे। विधानसभा चुनाव 2012 में मुलायम सिंह यादव का जादू सिर चढ़कर बोला और सूबे में साइकिल दौड़ी। यूपी में मिली जीत के बाद मुलायम सिंह की नजर दिल्ली की तरफ लग गई। अपने रणनीतिकारों की सलाह पर मुलायम सिंह यादव ने लखनऊ की कुर्सी बेटे अखिलेश को दे दी और यहीं से यादव परिवार में जंग की शुरूआत पड़ गई। मुलायम सिंह ने इससे भरने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। शिवपाल यादव के पार्टी बनाए जाने के बाद अब अटकलें तेज हो गई हैं कि मुलायम किसकी तरफ रहेंगे। लोगों का मानना है कि वो फिर से लोकसभा चुनाव में प्रचार से अपने को अगल रख सकते हैं।
---तो एक होते शिवपाल-अखिलेश
मुलायम के करीबी रिटायर्ड श्क्षिक बंशलाल उमाराव कहते हैं कि चौधरी हरमोहन सिंह यादव ने खुद मुलायम सिंह को फोनकर कहा था कि आप प्रदेश के सीएम बनिए। अगर नेता जी चौधरी हरमोहन सिंह यादव की बात मान गए होते तो आज दल, दिल एक होते। बंशलाल बताते हैं, इसी के बाद अखिलेश और शिवपाल के बीच टकरार बढ़ गई। 2016 आते-आते चाचा-भतीजे के बीर रार घर से निकल कर सड़क में पहुंच गई। उस वक्त से लेकर आज तक मुलायम सिंह रार को खत्म करने के लिए जुटे रहे, पर दिल में दरार इतनी ज्यादा पड़ गई कि उसे भरना मुमकिन ही नहीं नामुकिन है। बंशलाल उमराव कहते हैं कि मुलायम सिंह यादव लोकसभा चुनाव के वक्त शिवपाल के लिए प्रचार कर सकते हैं और इस वक्त सेक्युलर मोर्चा में सबसे ज्यादा नेता मुलायम सिंह यादव के करीबी हैं।
इनसे लेनी चाहिए थी सीख
देश की राजनीति में कई राजनेता हुए और आज भी हैं, जिन्होंने अकेले दम जनता के दिल में जगह बनाई और कई सालों तक सत्ता का सुख पाया। इन्हीं में से तमिलनाडु के पूर्व सीएम करूणानिधि, मायावती और लालू यादव हैं। जिन्होंने पार्टी की बागडोर परिवार को देने के बजाए खुद अपने पास रखी और इसी का नतीजा रहा कि कभी दल में दो फाड़ नहीं हुए। तमिलनाडु की सियासत में पांच दशक तक राज करने वाले करूणानिधि द्रमुक अध्यक्ष पद पर 1969 से लेकर 2018 तक रहे। उकनी मौत के बाद पार्टी की कमान बेटे को मिली। वहीं मायावती भी करूणानिधि की ही तरह पार्टी की प्रमुख हैं और सारे निर्णय वो खुद करती हैं। इसी का नतीजा है कि बसपा की नींव के बाद आज तक कभी नहीं टूटी। हां विधायक, नेता जरूर पार्टी छोड़कर चले गए, पर मायावती ने दल को कभी कमजोर नहीं होने दिया। इसके विपरीत मुलायम सिंह यादव ने बेटे को सीएम बनाकर सत्ता और दल की कमान अखिलेश के हाथों में देकर चूक कर दी, जो उनकी सबसे बड़ी भूल साबित हो रही है।
मुलायम को मानते हैं गुरू
अखिलेश यादव से अगल होकर सेक्युलर मोर्चे के गठन करने के बाद शिवपाल यादव हर बयान में मुलायम सिंह को अपना नेता बताते रहते हैं और उन्हीं के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प दोहराते हैं। खुद शिवपाल यादव ने अपनी मोर्चा के बैनर, पोस्टर और होर्ल्डिंस में मुलायम सिंह को जगह दी है। शिवपाल सिंह यादव फैन्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष आशीष चौबे के मुताबिक 60 जनपदों में बूथ स्तर पर जाकर कार्यकर्ता बनाने का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जब उनसे पोस्टरों पर मुलायम की तस्वीर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हम सभी उन्हें अपना नेता मानते हैं, उनके बताए सिद्धांतों पर समाजवादी सेक्युलर मोर्चा चलेगा. शिवपाल सिंह यादव भी उन्हें अपना राजनैतिक गुरु मानते हैं। चौबे कहते हैं कि चुनाव के वक्त नेता जी का आर्शीवाद पूर्व मंत्री को मिलेगा और हम उन्हें 2019 में दिल्ली की सियासत में अहम ओहदा दिलाकर रहेंगे। चौबे कहते हैं कि अखिलेश यादव ने पिता के साथ अपने सगे चाचा का सम्मान नहीं किया। जिस चाचा ने उन्हें राजनीति का ककहरा सिखया वो उन्हें अपमानित करते रहे।
वोटर्स में मुलायम की आज भी पकड़
यूपी की सियासत में अगर मुलायम सिंह यादव की बात की जाए तो आज भी पिछड़ों, गरीब, मजदूर, किसान, यादव और मुस्लिम मतदाताओं में उनकी पकड़ आज भी है। यह वोटर्स मुलायम सिंह यादव को अपना नेता मानता है और उन्हीं के इशारे पर वोट देता है। मुलायम सिंह यदि शिवपाल यादव को समर्थन कर दिया तो अखिलेश यादव को भारी पड़ सकता है। मुलायम सिंह यादव के मित्र बंशलाल उमराव बताते हैं कि मुलायम सिंह और शिवपाल यादव ने समाजवादी पार्टी की बुनियाद रखी। मुलायम सिंह जहां बड़े निर्णय लेते थे और अक्सर यूपी से बाहर रहते थे, तो वहीं शिवपाल यादव संगठन को संभालते थे। यूपी के अधिकतर जिलों में 2018 से पहले शिवपाल के करीबी संगठन में बैठे थे। विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने जैसे ही शिवपाल यादव को पार्टी से किनारे लगाया तो संगठन के पदाधिकारी अंदरखाने साइकिल को पंचर कर दिया। इसी का नतीजा रहा कि समाजवादी पार्टी की जबसे बुरी पराजह हुई।