
कानपुर। गंगाबैराज से सटे उन्नाव ट्रांसगंगा सिटी में बीते दो दिनों से किसान और पुलिस आमने-सामनें हैं। आगजनी, मारपीट और आक्रोष के बीच अब इस प्रकरण ने यूपी सियासत गर्म कर दी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम के नेतृत्व में एक टीम को मौके पर भेजा है। इस बीच पत्रिका से खास बातचीत के दौरान सपा प्रदेश अध्यक्ष ने योगी सरकार को किसान विरोधी करार देते हुए कहा कि कुछ देने के बजाए खाकी के बल पर अन्नदाता के खेतों पर जबरन कब्जा करवाया जा रहा है। विरोध करने पर उन्हें बेरहमी से पुलिस के जरिए पिटवाया जाता है। ऐसी सरकार को सत्ता में बनें रहने का हक नहीं हैं।
क्या है पूरा मामला
2012 में उन्नाव क्षेत्र में ट्रांस गंगा सिटी के लिए अधिग्रहीत की गई थी। तीन बार मुआवजा बढने के बाद किसान नई दर से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। यीपीसीडा के अधिकारी शनिवार को साइट ऑफिस पर मजदूरों को लेकर भूमि पर कब्जा लेने गए थे। इस बीच आक्रोशित किसानों ने उपद्रव करते हुए पथराव कर दिया था तो पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया था। इसमें एक दर्जन से अधिक महिला व पुरुष किसान घायल हो गए थे। रविवार को पुलिस फोर्स की मौजूदगी में जेसीबी से खड़ी फसल उजाडनी शुरू की गई थी तो किसानो चोरी छिपे विद्युत सबस्टेशन के बाहर पड़े पाइपों में आग लगा दी थी। अभी तक किसानों और प्रशासन के बीच का टकराव शांत नहीं हुआ है।
सिर्फ लच्छेदार भाषण देते हैं सीएम
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा कि सूबे के सीएम योगी आदित्सनाथ क्या केवल किसानों पर लच्छेदार भाषण ही दे पाते हैं? क्योंकि भाजपा सरकार में किसानों का अपमान ही होता रहता है। कहा, पिछले ढाई वर्षो के दौरान किसान बदहाली का जीवन जीने को मजबूर है। अन्नदाता को कुछ देने के बजाए सरकार खाकी के बल पर उनके खेत छीन रही है। गरीब किसान जमीन का मुआवजा मांग रहे थे, जिन्हें बेरहमी से पीटा गया। पुलिसवाले ने पुरूषों के साथ महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा। पूरे प्रकरण की जांच हाईकोर्ट के रिटायर्ड से होनी चाहिए।
कार्रवाई की मांग
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्नाव में जिस तरह से किसानों को पीटा गया उसकी हम घोर निंदा करते हैं। किसानों को पीटने वाले पुलिसकर्मी व अधिकारियों के खिलाफ हम सरकार से मांग करते हैं। यदि ऐसा नहीं हुआ तो समाजवादी लोग किसान, मजदूर और गरीबों के साथ सड़क पर उतर कर आंदोलन करेंगे। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि हम पुलिस की पिटाई से घायल किसानों से मिलेंगे और राष्ट्रीय अध्यक्ष के पैगाम को उन तक पहुंचाएंगे। साथ ही उनकी हरसंभव मदद भी की जाएगी।
किसान विरोधी सरकार
प्रद्रेश अध्यक्ष ने कहा कि यह सरकार किसान विरोधी है। बुवाई के समय बीज और खाद नहीं मिलता है। बिजली का बिल और डीजल-पेट्रोल के दाम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। किसानों को धान का उचित मूल्य नहीं दिया जा रहा है। बिचैलिए और माफिया सक्रिय हैं। अन्ना मवेशी खड़ी फसलों को अपने पैरों से बर्बाद कर रहे हैं। बताते हैं, बुंदेलखंड के हम दौरा करके आए हैं। सुबह इंसानों के बजाए आवारा मवेशी खेतों में बड़ी संख्या में चहल-कदमी करते हुए देखे जा सकते हैं।
यूपी में जंगलराज
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा है कि यूपी में जंगलराज है। फर्जी एनकाउंटर में निर्दोष लोगों को मारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी अदालत ने यूपी में जंगलराज की टिप्पणी कर यह सिद्ध कर दिया है कि सूबे की सरकार कानून व्यवस्था सुधारने में पूरी तरह फेल हो गई है। ं कहा कि भाजपा गरीबों और किसानों को ठग रही है। प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है। गाय के नाम पर लूट मची है। नोटबंदी के बाद देश की अर्थव्यवस्था चरमरा गई। महंगाई चरम पर है।