
कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर 2016 को नोटबंदी का ऐलान किया था, जिसके कारण तीन माह तक पब्लिक पैसे के लिए बैंकों के बाहर लाइनों पर लगी रही। कई की शादियां टूटी तो कईयों की मौत हो गई। नोटबंदी को लेकर विपक्ष ने सड़क से लेकर संसद तक हमला बोला और मोदी सरकार के फैसले को जनविरोधी बताया। वही हालात एकबार फि बन गए हैं। मंगलवार से शहर के करीब 1400 एटीएम खाली हैं और बुधवार की सुबह भी हालात जस के तस बने हुए हैं। एटीएम कैशलेस होने के चलते ग्राहकों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्राईवेट, सरकारी नौकरी करने वाले कर्मचारी व अफसर बैंकों में जाकर पैसे निकाल रहे हैं। एटीएम में पैसे नहीं होने के चलते बैंकों में लंबी-लबीं कतारें सुबह से ही लग गई।
48 घंटे से एटीएम खाली
मंगलवार की सुबह से लेकर बुधवार तक शहर के अधिकतर एटीएमों के बाहर नो कैश के बोर्ड लगे हुए हैं। जिसके चलते आमलोग खासे परेशान है। लोगों का कहना है कि पीएम मोदी की नोटबंदी की याद फिर से ताजा हो गई है। एटीएम में कैश नहीं होने के चलते हमें बैकों में जाना पड़ रहा है और कई घंटे लाइन में लगने के बाद पैसा मिल रहा है। गोविंद नगर स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में पैसे निकालने आए रमेश पांडेय ने बताया कि देश में ये सब क्या हो रहा है, जरूरत पड़ने पर पैसे नहीं मिलते। आजाद नगर निवासी दिलीप श्रीवास्तव ने कहा कि इसी महीने बहन की शादी है लेकिन कैश नहीं मिल पा रहा। सरकार को आगे आकर इस पर सफाई देनी चाहिए। खुद के पैसे के लिए हमें काम छोड़ बैंकों में लाइन लगानी पड़ रही है। जब से नोटबंदी हुई है तब से गरीब लोग पैसे की किल्लत से हर रोज जूझ रहा है।
कुछ एटीएमों में निकल रहे हैं नोट
सुबह करीब 10 बजकर 30 मिनट पर रैना मार्केट स्थित तीन एटीएम कैशलेस मिले। एटीएम के बाहर नो कैश का बोर्ड लगा हुआ पाया गया। यहीं हाल आजाद नगर स्थित पीएनबी और विष्णुपुरी के आरबीआई बैंक के एटीएम में देखने को मिला। कई जगहों पर कैश नहीं है तो वहीं कुछ जगहों पर गिने-चुने नोट ही निकल रहे हैं। कुछ इलाकों में सुबह एटीएम में पैसे डाले गए लेकिन 5 हजार की जगह उनसे चार हजार के नोट निकले। राजकुमार ने बताया कि आर्यनगर स्थित आरबीआई के एटीएम में पैसे तो थे, लेकिन पांच की जगह चार और दस की वजाए छह हजार रूपए ही निक रहे हैं। कानपुर साउथ के अधिकतर इलाकों में एटीएम में कैशेलस पाए गए।
इसके कारण बनी समस्या
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से इस प्रकार की शिकायतें आ रही थी। लेकिन मंगलवार को अचानक पूरे देश में कैश की कमी से हड़कंप मच गया। जिसके बाद सरकार, आरबीआई सभी को अचानक एक्टिव होना पड़ा। कानपुर समेत पूरे यूपी ं कैश के संकट से जूझ रहा है और आने वाले दिनों में यह संकट और गहरा सकता है। बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह 6 दिनों से एटीएम में कैश की सप्लाई नहीं हुई है। दरअसल, एक महीने पहले आरबीआई ने बैंकों के एक सर्कल से दूसरे सर्कल में ज्यादा कैश ट्रांसफर करने पर रोक लगा दी थी। बैंकों के अफसरों का कहना है कि 2000 के नोट छोड़िए, 500 के नोट भी काफी कम मात्रा में आ रहे हैं। यहां पर आखिरी बार पिछले बुधवार को कैश सप्लाई किया गया था और इसमें भी जितनी इन बैंकों को जरूरत होती है, उनका केवल 30 फीसदी ही दिया गया था।