
कानपुर. गोरखपुर, फूलपुर और कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद पूरा विपक्ष पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ एकजुट हो गया। यूपी से अखिलेश और मायावती ने गठबंधन का ऐलान कर दिया तो बेंगलुरू से सोनियां गांधी समेत सभी राजनीतिक दल एक-दूसरे के साथ खड़े नजर आए। वहीं इन सब को नजर अंदाज करते हुए पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व आरएसएस अपनी सियासी जमीन तैयार करने में जुटे रहे। मिशन 2019 को फहत करने के लिए जहां विपक्षी दलों पूरी तरह से बेपटरी हैं तो फिर से दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रेडी हैं। खुद पीएम ने बनारस से चुनाव का बिगुल फूंक दिया तो अमित शाह यूपी की थाह लेकर यहां रवाना हो गए हैं। जबकि संघ पिछले एक साल से गांव की तरफ में कमल खिलाने के लिए भूमि तैयार कर रहा है। कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि यूपी में भाजपा 74 प्लस सीटें जीतने जा रही है। पीएम मोदी विजयी रथ को गठबंधन य महागठबंधन नहीं रोक पाएगा।
400 लोकसभा सीटों का कर चुके दौरा
2019 का चुनावी किला फतह करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उतर चुके हैं। अमित शाह अब 22 राज्यों की करीब 400 लोकसभा सीटों के बारे में वहां के संगठन व विस्तारकों के अलावा बूथ प्रमुखों के साथ बैठकर फिर से मोदी सरकार लाने का खाचा खींच चुके हैं। दो दिवसीय दौरे पर यूपी आए अमित शाह ने 80 लोकसभा सीटों के बारे में संगठन के नेताओं से जानकारी ली और कमजोर कड़ियों को दुरूस्त करने का आदेश दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यूपी में दलित, पिछड़ा और सामान्य वर्ग के नेताओं की अगल-अलग टोलियां बनाने का आदेश दिया। साथ ही हर जनप्रतिनिधि से अपने-अपने क्षेत्र के 25 प्रभावशाली व्यक्तियों से मुलाकात करने को कहा है। उनके साथ चर्चा कर क्षेत्र की समस्याएं और चुनाव में कौन-कौन लोग जीत में अडंगा लगा सकते हैं उस पर जानकारी लेकर प्रदेश कार्यालय को देने को कहा है।
दलित-पिछड़ा वर्ग को साधेंगे विस्तारक
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का फोकस दलित और पिछड़ा वर्ग में पैठ बढ़ाने पर है। गोरखपुर, फूलपुर और कैराना के नतीजों से सबक लेकर यह रणनीति तैयार की गई है कि सपा-बसपा गठबंधन का दलित-मुस्लिम समीकरण किसी भी सूरत में बनने न दिया जाए। माना जा रहा है कि इसी को ध्यान में रखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एएमयू और जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी में दलितों को आरक्षण दिए जाने का मुद्दे छेड़़ा है। पार्टी अब इसे आगे बढ़ाने पर काम करेगी। पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि गठबंधन के गणित को ध्यान में रखकर ही भाजपा ने रणनीति तैयार की है। अमित शाह विस्तारकों को इसी रणनीति पर काम करने का मंत्र दिया है। संगठन में दलित और पिछड़ा वर्ग के नेताओं को तवज्जो दी जाएगी। जल्द ही कई का प्रमोशन हो सकता है। योगी सरकार इन वर्ग की योजनाओं का प्रचार प्रसार ज्यादा करेगी, जल्द ही नई योजनाएं भी दी जाएंगी। मंत्रीमंडल का विस्तार होने पर इन वर्गो से और भी मंत्री बनाए जा सकते हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दलितों के बीच समरसता संगम पहले से कर रहा है। इस अभियान को और तेज किया जाएगा।
543 लोकसभा प्रभारी किए जाएंगे नियुक्त
भाजपा के बड़े नेता ने बताया कि लोकसभा दो अक्टबूर 2018 तक देश की 543 लोकसभा सीटों पर यहां प्रभारी की नियुक्ति की जाएगी। लोकसभा प्रभारी, विस्तारक और पन्ना प्रमुख वर्तमान सांसदों व दावेदारों के कार्यो पर नजर रखेंगे। तीनों संगठनों की रिपोर्ट के बाद ही दोवदारों को टिकट दिया जाएगा। लोकसभा प्रभारी की जिम्मेदारी आरएसएस व संगठन में बेहतर कार्य करने वाले नेता को मिलेगा। अगर कानपुर-बुंदेलखंड की बात की जाए तो यहां की 10 लोकसभा सीटों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति पर अमलीजामा पहनाने का कार्य आखरी चरण में हैं। लोकसभा प्रभारी चुनाव के वक्त सीधे प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय अध्यक्ष के संपर्क में रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह इनसे हर वक्त फोन के जरिए इनपुट लेगे। कानपुर-बुंदलेखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा प्रभारियों की नियुक्ति जल्द कर दी जाएगी। भाजपा कार्यकर्ता छह माह पहले से ही चुनाव में उतर चुके हैं और इस बार कन्नौज सीट में भी कमल खिलेगा।
एक लाख साइबर योद्धाओं की फौज
अमित शाह ने यूपी 74 फहत करने के लिए एक लाख साइबर योद्धाओं की फौज खड़ी करने का टारगेट आईटी प्रभारी संजय राय को दें गएं है, जिस पर काम भी शुरू हो गया है। कानपुर-बुंदेलखंड के आईटी सेल संयोजक सौरभ बाजपेयी ने बताया कि हमारी टीम सोशल मीडिया में पीएम नरेंद्र मोदी और मनमोहन सरकार की योजनाओं का तुलनात्मक विवरण और उसके निष्कर्ष पर फोकस करेगी। इसके जरिए हम बताएंगे कि मोदी सरकार व कांग्रेस सरकार की कथनी और करनी में कितना अंतर था और हमने किस हद तक इसे कम कर दिया है। मोदी सरकार की तमाम योजनाओं के अलग-अलग तुलनात्मक अध्ययन का जिम्मा अलग-अलग टीमों को दिया जाएगा और इनके तैयार किए आंकड़े केंद्रीय आईटी टीम को दिए जाएंगे। तैयार विवरण का सार आईटी टीम में शामिल हर किसी को मिलेगा। इसके बाद उन तथ्यों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
अमित शाह ने सरकार को दिया काम
अमित शाह सीएम यागी आदित्यनाथ और दोनों डिप्टी सीएम के साथ बैठक की। अमित शाह ने मिशन मिशन 2019’ को फतह सरकार द्वारा गरीबों के लिए शुरू की गई हेल्थ, हाउसिंग, पावर की सुविधाएं के अलावा मोदी सरकार की सभी महत्वपूर्ण योजनाओं को 2018 के आखिर तक जिलों में प्रभावी तौर पहुंच जानी चाहिए। ’सौभाग्य योजना’ के तहत अधिक से अधिक लोगों तक बिजली पहुंचाए जाने का लक्ष्य दिया गया है। योगी सरकार को किसानों की आय बढ़ाए जाने की दिशा में कदम उठाने का निर्देश दिए हैं। गरीबों के लिए आवास योजना के लिए टारगेट दिए गए हैं। मोदी सरकार की महत्वपूर्ण हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम को जल्द लागू करने को कहा है, ताकि गरीब लोगों को 5 लाख रुपये तक का हेल्थ बीमा मिले और वे इलाज करा सकें। . सूबे की बिगड़ी कानून व्यवस्था पर फौरन लगाम लगाए और जनप्रतिनिधियों को राजधानियों में बैठने के बजाए क्षेत्र में पसीने बहाने का निर्देश देने के लिए कहा गया है।