कानपुर

कोरोना पर जीत के लिए मिला हथियार, 193 लोगों को भिजवा चुका है जेल

नगर व देहात के 13 हाॅट स्पाॅट इलाकों की द्रोन के जरिए पुलिस कर रही निगरानी, लाॅकडाउन का उल्लंघन करने पर तत्काल तस्वीर मिलते ही हो रही कार्रवाई।
2 min read
• •
Updated: 19 Apr 2020, 9:10 AM IST
कोरोना पर जीत के लिए मिला हथियार, 193 लोगों को भिजवा चुका है जेल
कोरोना पर जीत के लिए मिला हथियार, 193 लोगों को भिजवा चुका है जेल

कानपुर। कोरोना पर जीत दर्ज करने के लिए पुलिस 24 घंटे सड़क से लेकर चैराहों पर डटी है और लाॅकडाउन का कड़ाई से पालन करवा रही है। शहर के 13 हाॅट स्पाॅट इलाके सील हैं और चप्पे-चप्पे पर पुलिस के साथ ही पीएसी के जवान तैनात हैं। यहां पर द्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है। जैसे ही कोई भी व्यक्ति बेवजह घर के बाहर निकलता है वैसे ही आसमान के जरिए उसकी फोटो द्रोन कैमरे में कैद हो जाती है और पुलिस उसे दबोच लेती है। पिछले तीन दिनों के अंदर 193 लोगों को लाॅकडाउन के उल्लंघन पर जेल भेजा जा चुका है।

13 इलाकों की द्रोन से निगरानी
एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि शहर के हॉटस्पॉट घोषित किए गए 13 क्षेत्रों पर विशेष रूप से ड्रोन से निगरानी की जा रही है। ड्रोन के जरिये भीड़ लगाए लोगों को चिह्नित कर 67 केस दर्ज किए गए हैं। इसमें बेकनगंज, चमनगंज, चकेरी, रेलबाजार, अनवरगंज समेत कई अन्य थानें शामिल हैं, जहां एफआईआर हुई हैं। पुलिस न कुल 193 लोगों को पकड़ कर जेल भेजा है। साथ ही लोगों को घरों पर रहने की अपील भी की जा रही है।

103 को चेतावनी
एसपी पूर्वी ने बताया कि इन इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। जिसकी मदद से 103 लोगों को छत पर भीड़ लगाए खड़े होने पर चेतावनी दी जा चुकी है। इसके अलावा द्रोन से मिली तस्वीरों के बाद पुलिस ने छतों पर रखे ईंट-पत्थरों को हटवाया। एसपी ने बताया कि घनी अबादी और सकरी गलियां होने के चलते कुछ लोग अब भी लाॅकडाउन का उल्लंघन कर रहे हैं। ऐसे में इन्हें चिन्हित करने के लिए द्रोन कारगार हथियार साबित हो रहा है।

छतों से हटवाए ईंट-पत्थर
बरीपाल कस्बे की मस्जिद में रुके तीन तब्लीगी जमातियों और घाटमपुर में उनके साथ रहे एक अन्य व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद इलाके को रेड जोन घोषित कर दिया गया है। बरीपाल कस्बा में प्रशासन ने ड्रोन कैमरे के जरिए निगरानी कर रही है। द्रोन के जरिए मिली तस्वीरों के बाद पुलिस कुछ लोगों को पकड़ा और हिदायद देकर घरों के अंदर रहने को कहा। पुलिस ने सजेती थानाक्षेत्र की सीमा को भी सील कर दिया है और आसपास के इलाके के लोगों की जांच भी करा रही है।

घाटमपुर में भी निगरानी
एसडीएम वरुण कुमार के मुताबिक घाटमपुर के मोहर्रम (बगिया) मैदान, कटरा, हाफिजपुर, कजियाना, आछी मोहाल और शेखवाड़ा सहित अन्य मोहल्लों की कैमरे से निगरानी कराई जा रही है। निगरानी के दौरान कैमरे में कई मकानों की छतों पर ईंट-पत्थर पड़े दिखाई दिए, जिन्हें हटवाया गया। एसडीएम ने बताया कि हमनें लोगों से अपील की है वह लाकडाउन का पालन करें। जमात से जुड़े सदस्यों के बारे में सूचना दें। बदले में प्रशासन की तरफ से उन्हें 5 हजार रूपए की धनराशि दी जाएगी।

डीएम ने की अपील
जिलाधिकारी डॉक्टर ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि कानपुर में कोरोना के मामले बढ़े हैं। इसके प्रसार को रोकने के लिए 13 इलाकों को सील किया गया है। साथ ही लोगों से ये अपील की गई है कि जो भी व्यक्ति तबलीगी जमात के संपर्क में आया हो वह स्वता बाहर आकर अपनी जांच कराए। इसके अलावा जिन्हें जुकाम, बुखार, खांसी जकड़न या सांस लेने में दिक्कत हो रही हो तो वह कंट्रोल रूम के नंबर 1800 180 5159 या चिकित्सा विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 0 512 - 2333 810 पर तत्काल सूचना दे। जिससे उनका सैंपल लेकर परीक्षण कराया जा सके ।

Published on: