
कानपुर देहात-मैं अपने अटलू से मिलने जाऊँगी। अब है क्या कि दिल्ली दूर है और वो व्यस्त भी रहते हैं इसके बाद 96 वर्ष की अवस्था में ये अरमान लेकर उनका निधन हो गया था। ये और कोई नहीं, ये पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी जी की बुआ के शब्द थे। जब बाजपेयी जी कानपुर में अपनी शिक्षा ग्रहण कर रहे थे तो अक्सर अपनी चहेती बुआ इंद्रवासिनी मिश्र से मिलने उनके घर गहलौं जाया करते थे। दरअसल बुआ फूफा बिन संतान अकेले तनहा रहा करते थे और अटल जी को बेहद चाहती थी। हालांकि बाद में बुआ ने अपने भांजे मनमोहन लाल शुक्ल को दत्तक पुत्र के रूप में गोद लिया था। जब भी समय मिले वह बुआ के गांव पहुंच जाया करते थे। बुआ भी प्यार से उन्हें अटलू कहकर बुलाती थी।
पीएम बनने के बाद यहां हुआ था राजतिलक
जब अटल जी 13 दिन के लिए प्रधानमंत्री बने तो एक बार यहां आए। ग्रामीणों ने उनका राजतिलक कर मिठाई खिलाई और फूलों की माला पहनाई। खुशी से सभी झूम रहे थे। बुआ के नाती सौरभ बताते हैं बाबा मनमोहन लाल कहते थे कि पूरा गांव लालू बुआ कहता था। राजनीति में व्यस्तता के बाद वो गांव नही आ पाए। इधर बुआ दिल्ली उनसे मिलने की बात गांव में कहा करती थी। फिर एक दिन मिलने का सपना संजोय और उनकी तस्वीर लिए वो गुजर गई। हालात ये हुए कि राजनीति की उठा पटक में बाजपेयी जी अपनी बुआ के अंतिम दर्शन को भी नहीं आ सके।
इस गांव में तीन बार आये अटल जी
सौरभ बताते हैं कि पिता रामप्रकाश शुक्ला के अनुसार जब अटल जी कानपुर में पढ़ाई करते थे। उस समय बुआ ने मनमोहन लाल को गोद ले लिया था। उनकी पढ़ाई के उद्देश्य से लालू बुआ भी कानपुर के बादशाही नाका में रहने लगी थी। वहां भी वे बहुत जाया करते थे। अपने जीवनकाल में गांव में वह सिर्फ तीन बार आये। प्रधानमंत्री बनने के बाद उस समय वो और भगवतीधर बाजपेयी यहां आए थे। तो उन्होंने कहा कि अटलू तुम बहुत झूठे हो, जल्दी नही आते हो, सब नेता ऐसे ही होते है। यह सुनकर बाजपेयी जी हंसते हुए बोले, बुआ आप नही बदलोगी यह उनका अटल जी से अंतिम मिलना हुआ था। उसके बाद दादी का निधन हो गया और आज पूर्व प्रधानमंत्री जी के इंतकाल के बाद इस गांव और हम लोगों के पास सिर्फ यादें और कुछ तस्वीरें रह गयी हैं। आज पूरा गांव शोक में डूबा है।