कानपुर

अमित शाह के चाणक्य ने संभाली कमान, मायावती-अखिलेश की काट का दे गए मंत्र

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दो दिवसीय दौरे के बाद से भगवा बिग्रेड एक्शन में आ गई है...

3 min read
Jul 10, 2018
अमित शाह के चाणक्य ने संभाली कमान, मायावती-अखिलेश की काट का दे गए मंत्र

कानपुर. लोकसभा चुनाव का बिगुल अभी फुंका नहीं है, पर राजनीतिक दल अभी सक एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए रणनीति बना रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दो दिवसीय दौरे के बाद से भगवा बिग्रेड एक्शन में आ गई है और मिशन 74 को कामयाब बनाने के लिए अमित शाह के चाणक्य व भाजपा के नए क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह कानपुर आए और जिले से लेकर प्रकोष्ठों, विभागों और प्रकल्पों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और अखिलेश-मायावती के बीच गठबंधन के काट का मंत्र दे गए। उन्होंने सभी जिला और मोर्चों को क्षेत्रीय अध्यक्षों से कहा कि उनकी कार्यकारिणी का एक भी पदाधिकारी ऐसा नहीं होना चाहिए जो फील्ड में न नजर आए। साथ ही सपा-बसपा के बीच गठबंधन होने पर नाराज नेताओं पर नजर रखें और उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाएं।

74 प्लस फहत करने का दिया लक्ष्य

ब्रजक्षेत्र के अलावा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह पहली बार कानपुर आए। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह दुकानदार के लिए ग्राहक भगवान होता है, वैसे ही संगठन के लिए कार्यकर्ता भगवान है। जनप्रतिनिधियों को सलाह दी कि आपके सपने यही पूरे करते हैं, लेकिन अफसोस है कि कुछ लोग जीतने के बाद भूल जाते हैं। उन्होंने इशारों-इशारों में भाजपा के मंत्री, सांसद व विधायकों के लिए यह शब्द कहे। इस दौरान बैठक में मौजूद पदाधिकारियों से कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हमलोगों को बड़ी जिम्मेदारी दी है। यूपी में भाजपा मिशन 74 फतह के तहत चुनाव में उतर चुकी है। किसी भी दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष कानपुर का दौरा कर सकते हैं। ऐसे में निष्क्रिय बूथ प्रमुखों को चिन्हित कर उनकी जगह युवाओं को जिम्मेदारी दें।

तो उसका बिखरना भी तय

स्वरूप नगर स्थित होटल में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय संगठन मंत्री ने कहा कि भाजपा 11 करोड़ सदस्यों की पार्टी है। हम सभी को 2014 की तरह मिलकर जीत के लिए जुटना पड़ेगा। विपक्षियों पर हमलावर भवानी सिंह ने कहा कि भाजपा राष्ट्रनीति के लिए राजनीति करती है जबकि विपक्षी राजनीति के लिए राष्ट्रनीति बताते हैं। सभी विपक्षी दल सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एकजुट हो गए हैं, लेकिन नेतृत्व के लिए एक चेहरा तक नहीं ढूंढ पा रहे। उन्होंने कहा कि इनका गठबंधन होना तय है तो उसका बिखरना भी तय है और इसी का फाएदा हमसब को उठाना है। नाराज कार्यकर्ता को भाजपा की विचारधारा से अवगत करा उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलवाएं। 2019 के लोकसभा चुनाव में यही भाजपा के लिए तुरूप का एक्का साबित हो सकते हैं। गठबंधन के ऐलान के बाद से बहुत से नेता भाजपा की तरफ देख रहे हैं। हमें इमानदार क्षविवाले नेता को ही पार्टी में लाना है।

मैथानी ने सिखाई कला

संगठन मंत्री ने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि यदि हम अपने-अपने बूथ पर सौ-दो सौ घर मजबूत कर लें तो कोई जीत से रोक नहीं सकता। वहीं क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी के निर्देशों का पालन करते हुए उत्तर जिला इकाई ने रविवार को सभी प्रकल्पों, विभागों और प्रकोष्ठ पदाधिकारियों का सम्मेलन बुला लिया। इसमें सभी को दूसरी पार्टियों के समर्थकों को अपना बनाने की कला सिखाई गई। इस मौके पर उत्तर इकाई जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि 2019 की जीत के लिए हमें अतिरिक्त श्रम करना पड़ेगा। सभी को अपनी नई जिम्मेदारी के साथ अपने बूथ पर जाकर नए कार्यकर्ताओं (जो अभी तक पार्टी के सदस्य न हों) को जोड़ना है। ताकि वे लोग और लोगों को जोड़ें। कहा कि व्यापार प्रकोष्ठ, स्वास्थ्य, एनजीओ के संयोजक, इससे संबंधित लोगों के बीच जाएं, उन्हें पार्टी और सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दें।

64 वार रूम खोले जाएंगे

नगर अध्यक्ष ने कहा कि आईटी विभाग के पदाधिकारी लोगों को मोदी एप डाउनलोड कराएं। बताया कि जिले में 64 वार रूम खोलकर एक-एक घर तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का काम करेंगे। इस दौरान सभी को संकल्प दिलाया गया कि कानपुर की दोनों लोकसभा सीटें अगली बार फिर जीतना है। मैथानी ने बताया कि सोमवार को उत्तरक्षेत्र के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के अलावा आईटी सेल के सदस्यों की बैठक बुलाई गई है। इस दौरान आइटी के जानकार सभी को सोशल मीडिया के बारे में जानकारी देंगे। नगर अध्यक्ष ने यह भी बताया कि हर एक कार्यकर्ता, पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि को फेसबुक पेज में 20-20 हजार लोगों को जोड़ना है और पीएम मोदी व सीएम योगी के कार्यो की जाकनारी इसके जरिए जनता तक पहुंचाना है।

Published on:
10 Jul 2018 10:10 am
Also Read
View All