कानपुर

मुलायम सिंह की एक चूक बनी फूट की वजह, सपा छोड़ नया रास्ता चुन सकते हैं शिवपाल

सामजवादी पार्टी में नहीं थम रही रार, शिवपाल फैन्स एसोसिएशन के तहत अन्य कार्यकर्ताओं ने कर दी मांग, किसी भी वक्त पूर्व मंत्री ले सकते हैं पड़ा निर्णय
3 min read
• •
Updated: 27 Aug 2018, 10:18 AM IST
Shivpal Singh Yadav political future before 2019 Lok Sabha Election
मुलायम सिंह की एक चूक बनी फूट की वजह, सपा छोड़ नया रास्ता चुन सकते हैं शिवपाल

कानपुर। इटावा के सैफई गांव का राजनीति से दूर-दूर तक नाता नहीं था। चंबल और बीहड़ के चलते यहां पर डकैतों का बोलबोला था और बुलेट के बल पर वैलेट पड़ते थे। लेकिन 15 साल के एक लड़के ने सैफई की ही नहीं प्रदेश की राजनति ही बदल दी। डॉक्टर. राममनोहर लोहिया से प्रभावित होकर मुलायम सिंह 1950 के ऐतिहासिक समाजवादी आंदोलन में कूद पड़े मुलायम सिंह यादव ने अक्टूबर, 1992 में समाजवादी पार्टी का गठन किया। तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर रहे। लेकिन 2012 के विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद उन्होंने यूपी को छोड़ केंद्र की तरफ कदम बड़ा यहां की बागडोर अपने बेटे अखिलेश को दे दिया और यहीं से पार्टी के अंदर फूट पड़ गई जो छह साल बीत जाने के बाद भी जारी है। इससे दुखी होकर खुद मुलायम सिंह ने भी कह दिया है कि अब पार्टी के लोग मेरा सम्मान नहीं करते। कहा, शायद मेरे मरने के बाद यह लोग मेरा सम्मान करें। हार नहीं मानने वाले नेता के जुबान से यह शब्द ऐसे नहीं निकले। खुद राजनीति के जानकार भी कहते हैं कि शिवपाल और अखिलेश के बीच चल रही रार के चलते मुलायम सिंह ने ये बयान दिया है। वो भलीभांति जान चुके हैं कि भाई शिवपाल अब किसी भी वक्त राजनीति की नई पारी का आगाज कर सकते हैं।

अखिलेश नहीं देना चाहते हैं पद
होली के बाद लग रहा था कि मुलायम सिंह यादव के परिवार में अब सबु कुछ ठीक हो गया है। चाचा शिवपाल और भतीजे अखिलेश के बीच पिछले तीन-चार साल से चली आ रही जंग थम गई है। पर ऐसा कुछ अभी तक नहीं दिखा। पार्टी में उपेक्षा के चलते अब शिवपाल यादव भाई प्रेम छोड़ नए रास्ता बना सकते हैं। जानकारों का कहना है कि जिस दिन मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश को यूपी की बागडोर सौंपी, उसी वक्त दल-दिल बंट गए थे। मुलायम सिंह के चलते शिवपाल नाराज होने के बावजूद शांत रहे। पर अब ऐसा होता नहीं दिख रहा। इसका खुलाशा बहन के घर जाकर राखी बंधवाने के बाद शिवपाल यादव मीडिया से मुखातिब होने के दौरान हो गया। यहां शिवपाल ने कहा कि मुझे पार्टी में कोई ज़िम्मेदारी नहीं मिल रही है। मैं चाहता हूं कि पार्टी में मुझे कोई काम मिले। लेकिन इंतजार करते-करते मुझे अब डेढ साल हो चुका है। आखिर कितनी उपेक्षा बर्दाश्त की जाए। सहने की भी एक सीमा होती है।

नेता जी को स्नेह भतीजे को अल्टीमेटम
शिवपाल ने कहा कि मैनें हमेशा मुलायम सिंह यादव का सम्मान किया है और नेता का सम्मान करता रहूंगा। हम लोग जो भी हैं वो नेताजी की वजह से हैं। मैं हमेशा उनके साथ था और आगे भी रहूंगा। इतना ही नहीं शिवपाल यादव ने शनिवार को भी कन्नौज पार्टी से बगावत करने के संकेत दिए थे। उन्होंने दो टूक शब्दों मे कहा था कि अगर पार्टी में उनको राष्ट्रीय स्तर की कोई जिम्मेदार नहीं मिलती तो वह दूसरा रास्ता अपनाकर आगे बढ़ेंगे। शिवपाल ने सीएम योगी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कहा कि सपा में मेरा आधा जीवन गुजर गया। अब पार्टी में अगर उनको राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी नहीं मिली तो वह बगावत भी कर सकते हैं।

लोहिया ट्रस्ट नया ठिकाना
पिछले दिनों शिवपाल के कुछ समर्थकों ने उन्हें सुझाव दिया कि वह लोहिया ट्रस्ट पर बैठकर जनता से मिल कर उनकी निराकरण करें। इसके लिए शिवपाल ने हामी भर दी और वह जब भी लखनऊ में मौजूद होंगे तो सुबह आठ बजे से लोहिया ट्रस्ट पर अपने समर्थकों और जनता से मिलेंगे। दरअसल पिछले साल सितंबर में लोहिया ट्रस्ट के प्रधान ट्रस्टी और अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने प्रो. राम गोपाल यादव को हटाकर शिवपाल यादव को इसका सचिव नामित कर दिया था। इसके अलावा लोहिया ट्रस्ट से अखिलेश यादव के करीबियों को बाहर का रास्ता दिखाकर शिवपाल के करीबी दीपक मिश्र, राम नरेश यादव, राजेश यादव और राम सेवक यादव को शामिल कर लिया गया था। इसके बाद माना जा रहा था कि अब लोहिया ट्रस्ट पर पूरी तरह से मुलायम और शिवपाल का कब्जा हो गया है।

बीजेपी के अलावा खुले हैं विकल्प
शिवपाल यादव के करीबियों की मानें तो वो किसी भी दिन बड़ा फैसला लेकर अखिलेश खेमें में हलचल पैदा कर सकते हैं। शिवपाल के एक करीबी नेता ने बताया कि जिस दिन लखनऊ में अखिलेश यादव पार्टी की कार्यकारणी की बैठक ले रहे थे, उसी शाम शिवपाल दिल्ली पहुंचे। वहां वो बीजेपी के नेताओं के अलावा एक अन्य दल के बड़ी महिला नेता से मिले। सूत्रों की मानें तो शिवपाल फैन्स एसोसिएशन के कार्यकर्ता भी चाहते हैं कि वो एक दल का गठन कर बीजपी के साथ गठबंधन कर चुनाव में उतरें। यदि शिवपाल यादव ऐसा करते हैं तो महागठबंधन को बहुत बड़ा नुकसान कर सकते हैं। क्योंकि समाजवादी पार्टी के जमीन स्तर के कार्यकर्ता आज भी मुलायम सिंह के बाद शिवपाल को अपना नेता मानते हैं। इसकी झलख विधानसभा चुनाव 2017 में दिख भी चुकी है। सपा के गढ़ में साइकिल को वोट च समर्थन न के बराबर मिला।

Published on: