कानपुर

कभी पानी की मार तो कभी पानी से मार, अब इन फसलों पर गिर रही गाज तो किसान बोले….

कभी पानी की मार तो कभी पानी से मार, अब इन फसलों पर गिर रही गाज तो किसान बोले....
2 min read
• •
Updated: 20 Apr 2018, 12:42 PM IST
kanpur dehat

कानपुर देहात. प्रत्येक वर्ष मई जून के महीने में होने वाली भीषण गर्मी का मंजर लोगों को इस वर्ष अप्रैल के माह में ही देखने को मिल रहा है, जिससे अभी से लोग मई-जून में पड़ने वाली गर्मी को लेकर भयभीत हैं। गुरुवार को भी तापमान में बढ़ोत्तरी हुई और पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। जिसके चलते एक तरफ लोगों के कंठ सूख रहे है तो दूसरी तरफ खेतों में बोयी गई जायद की ककड़ी, खीरा, तरबूज, खरबूजा, मूंग, मक्का, सब्जियों आदि की फसलें पानी के अभाव में सूखने की कगार पर है। जबकि अभी हाल में ही बीते सप्ताह आंधी के साथ बारिश व कहीं कहीं ओलावृष्टि होने से खेंतो में सूखी पड़ी गेहूं की फसलें चौपट हो गयी तो वहीं अब जायद की फसलो में बर्बादी की नौबत आ गयी है।

जिले में समय से पहले पड़ रही तेज गर्मी लोगों को झुलसने को मजबूर कर रही है। अप्रैल के मध्य में सूरज की आग बरसा रही किरणों से त्रस्त लोग मई-जून में पड़ने वाली गर्मी के प्रभाव को लेकर अभी से बेचैन हो रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से पारा ऊंचाईयों को छूता जा रहा है। गुरुवार को भी सूरज के तल्ख तेवरों से लोग घरों व सड़कों पर बेहाल दिखाई दिए। बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, कचहरी, मुख्यालय, आरटीओ, चौराहों जैसे सार्वजनिक स्थलों पर लोग छांव को तलाशते दिख रहे थे।

गर्मी से निजात पाने के लिए राहगीर गला तर करने के लिए शिकंजी, गन्ने का जूस जैसे शीतल पेयों का सहारा लेते नजर आए। बाजारों में भी दोपहर में सन्नाटा बना रहा। वहीं बीती रात के तापमान में भी वृद्धि होने से लोग परेशान रहे। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि हवाएं पश्चिमी रही तो आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा।

जायद की फसलों को पानी की डिमांड

पिछले एक सप्ताह से सूर्यदेव के तल्ख तेवरों से लोग बेहाल हो रहे हैं। तेज धूप व गर्मी के कारण जायद फसलों में पानी की मांग काफी बढ़ गई है। क्योकि जायद की फसलें पानी पर ही निर्भर होती है। पारा बढ़ने से जलस्तर गिरता जा रहा है, जिससे मिट्टी में नमी समाप्त होती जा रही है, जो फसलो के लिए नुकसान दायक है। सीएसए के वैज्ञानिक अरविंद सिंह का कहना है कि जायद की फसल जैसे खीरा, तरबूज, और गन्ने की बोआई के लिए तेज गर्मी के चलते सिंचाई करना अनिवार्य हो जाएगा। किसानों को फसल बचाने के लिए जल्दी-जल्दी सिंचाई करनी होगी।


कृषक बोले बरिहाने की फसलों को पानी अमृत

कृषक राजू यादव निवासी सरदारपुर का कहना है कि पहली बार अप्रैल के माह में मई जून की गर्मी देखने को मिल रही है, जिससे समय से पहले पानी की मार फसलो पर पड़ रही है। खीरा, ककड़ी, तरबूज, खरबूजा व गन्ना, बागवानी आदि को पानी की अत्यधिक आवश्यकता है, हालांकि गेहूं की फसल अब कट चुकी है। ऐसे में शासन स्तर से भी सिंचाई की भरपूर व्यवस्था कराना चाहिए, जिससे खेतों तक पानी पहुंच सके।

Published on: