
Minimum temperature of these 21 districts is less than 10 degrees आईएमडी मौसम विभाग केंद्र लखनऊ के अनुसार प्रदेश में कानपुर पिछले 24 घंटे में सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री कम दर्ज किया गया है। जबकि बरेली दूसरे स्थान पर है। आधे से ज्यादा प्रदेशों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते का अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार इस दौरान बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।
सीएसए कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने बताया कि दितवाह चक्रवाती तूफान अब डिप्रेशन में चला गया है। जो लो प्रेशर में बदल गया है। जिसके कारण ऊंचे आसमान पर बादल दिखाई पड़ेंगे। ऊंचे बादल के कारण धूप में नरमी रहेगी। एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो रहा है। जिसका असर हिमालय पर्वत श्रृंखला पर पड़ेगा। जहां पर भारी बर्फबारी होने की संभावना है। उत्तर पश्चिमी हवाओं का असर गंगा के मैदानी भागों पर पड़ेगा। रात का तापमान और गिरेगा, जिसके कारण ठंड पड़ेगी।
मौसम विभाग केंद्र लखनऊ से मिली जानकारी के अनुसार कानपुर का तापमान पिछले 24 घंटे में 5.7 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम था। बरेली का तापमान 6.9, अयोध्या का 7 डिग्री, अलीगढ़ का 7.6 और मुजफ्फरनगर का 8.8 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त गोरखपुर, आजमगढ़, बस्ती, सुल्तानपुर, बहराइच, बाराबंकी, फुरसतगंज, फतेहपुर, लखनऊ, हरदोई, मुरादाबाद, नजीबाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बुलंदशहर, आगरा का तापमान 10 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया। शेष जिलों में 10 से 12 डिग्री के बीच तापमान रहा।
मौसम विभाग के अनुसार कानपुर में आज रात का तापमान 8 डिग्री रहने का अनुमान है। पश्चिम दिशा से आने वाली हवाएं मौसम को प्रभावित करेंगी। शुक्रवार 5 दिसंबर का तापमान 9 डिग्री से 24 डिग्री के बीच रह सकता है। पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली हवाएं मौसम को प्रभावित करेंगी। शनिवार 6 दिसंबर का तापमान 10 से 25 डिग्री, 7 दिसंबर का तापमान 11 से 25 डिग्री, 8 दिसंबर सोमवार का तापमान 10 से 26 डिग्री, मंगलवार 9 दिसंबर का तापमान 9 से 24 डिग्री, 10 दिसंबर बुधवार का तापमान 8 से 25 डिग्री और गुरुवार 11 दिसंबर का तापमान 8 से 24 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।
कानपुर मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक धूप में नमी रहेगी। बर्फीली हवाओं का एहसास होगा। ऊंचे आसमान पर बादल छाए रहेंगे। उत्तर और पश्चिमी हवाएं लगातार आने के कारण तापमान में गिरावट आएगी। बर्फीली हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ेगी। प्रदूषण और धुंध का असर भी दिखाई पड़ेगा।