
कानपुर देहात. रसूलाबाद क्षेत्र के लालू गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने गांव में बने तालाब में छलांग लगा दी। दरअसल महिला ने खुदकुशी के चलते तालाब में छलांग लगाई थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक महिला घरेलू कलह से तंग थी, तो उसने अपने गांव से निकलकर यहां आकर मरने का रास्ता चुना।
ग्रामीणों के मुताबिक महिला जब सुबह गांव के बीच से गुजरी तो लोगों द्वारा देखी गयी लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इस घटना को अंजाम देने के लिए जा रही थी, गांव के नवयुवकों ने जब उसे तालाब में डूबते देखा तो गांव में हाहाकार मच गया। इसके बाद युवकों ने रस्सी के सहारे से उसे बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बच सकी। हालांकि दबी जुबान से ग्रामीणों ने बताया कि घर में उसके साथ मारपीट की जाती है। घटनास्थल पर देखने वालों की भीड़ एकत्रित हो गयी। महिला के विक्षिप्त होने की चर्चा वहां बनी रही।
दरअसल कोतवाली रसूलाबाद के तरौली गांव की एक महिला ने लालू गांव के तालाब में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। बताया गया कि महिला ने गृह कलह से तंग आकर इस भयानक रास्ते को चुना। जब उसने तालाब में छलांग लगा दी तो वह डूबने लगी। तभी वहां से गुजर रहे लालू गांव के कुछ नव युवकों की निगाह पड़ी तो युवक चिल्लाते हुए आनन-फानन में तालाब में कूद पड़े, लेकिन महिला युवकों से काफी देर तक दूरी बनाती रही। वहां एकत्रित हुए भीड़ ने जब दिलासा दिलाया तब जाकर युवकों का प्रयास सफल हुआ। फिर युवकों ने रस्सी के सहारे महिला को तालाब से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
मामले की सूचना पाकर हरकत में आई पुलिस ने गांव पहुंचकर महिला से पूछताछ की लेकिन वह चुप्पी साधे रही। हालांकि ग्रामीणों द्वारा उसकी जानकारी तरौली गांव से हुई। इसके बाद सूचना पर पहुंचे परिजनों को महिला को सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान कुछ भी पूछने पर महिला बोलने में असमर्थ दिखी। परिजनों को देख महिला भयभीत भी दिख रही थी। ग्रामीणों ने गृह कलह की बात भी बताई और कहा कि उसके साथ ज्यादातर मारपीट की जाती है। पुलिस के अनुसार परिजनों को समझा दिया गया है, महिला को उनके सुपुर्द कर दिया गया है।