
हिण्डौनसिटी.सरकर द्वारा प्राचीन चिकित्सा पद्धति पर जोर देने के बाद भी जिले में आयुर्वेद चिकित्सालयों का हाल ठीक नहीं हैं। गांवों में आयुर्वेद औषधालयों के स्थिति असुविधाओं में उपचार जैसी बनी हुई है। दवाएं तो दूर औषधालय के लिए पर्याप्त भवन व संसाधन तक मुहैया नहीं हैं। सुन्दरपुरा गांव में औषधालय भवन के अभाव में एक कक्ष में ही संचालित हो रहा है।
जिले में बुधवार को आए आयुर्वेद विभाग के भरतपुर संभागीय अतिरिक्त निदेशक डॉ. घनश्याम शर्मा ने निरीक्षण के दौरान औषधालय की स्थिति सुधारने की बात कही।
अतिरिक्त निदेशक ने बताया कि हिण्डौन व करौली उपखण्ड की सीमा पर स्थित सुन्दरपुरा गांव में आयुर्वेद औषधालय में एक कक्ष ही है। ऐसे में चिकित्सक को रोगी परीक्षण और औषधी भण्डारण एक ही कक्ष में करना पड़ रहा है। छोटे कमरे में चिकित्सक व कम्पाउंडर कोटेबल लगा कर बैठने को लिए भी पर्याप्त स्थान नहीं है।
अतिरिक्त निर्देशक ने बताया कि ग्राम पंचायत को औषधालय के लिए पर्याप्त भवन उपलब्ध कराने के लिए लिखा गया है। इसके अलावा उन्होंने खेड़ा जमालपुर गांव के आयुर्वेद औषधालय का भी निरीक्षण किया। जहां रोगियों की आवक, दवा वितरण व शेष उपलब्धता के संधारित रिकॉर्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उपनिदेशक गिरधारीलाल शर्मा भी मौजूद थे।
बाद में अतिरिक्त निदेशक ने करौली पहुंच उपनिदेशक कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंंने उपनिदेशक से जिले में न्याय आपके द्वार शिविरों में आयुर्वेद कैम्प से लाभांवित रोगियों की संख्या के बारे में जानकारी ली। इस दौरान भरतपुर के उपनिदेशक डॉ. सतीश पालीवाल भी मौजूद थे।
पांच करोड़ की नकदी और माल लेकर फरार व्यापारी के खिलाफ केस दर्ज
हिण्डौनसिटी. मंडी यार्ड के व्यापारियों के पांच करोड़ की नकदी और माल लेकर फरार हुए व्यापारी के खिलाफ बुधवार को व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। फरार हुए व्यापारी को पुलिस तलाश कर रही है।
थानाप्रभारी अध्यात्म गौतम ने बताया कि व्यापार मंडल के अध्यक्ष विशंभर गर्ग एवं अन्य व्यापारियों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मंडी यार्ड का व्यापारी हिण्डौन निवासी मेघराज महाजन मंडी यार्ड के कई व्यापारियों से चार करोड़ 97 लाख की नकदी व माल लेकर फरार हो गया है।
पीडि़त व्यापारियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने फरार हुए व्यापारी को कई जगह तलाश किया, लेकिन नहीं मिलने पर थाने में रिपोर्ट पेश की गई है। थानाप्रभारी ने बताया कि फरार व्यापारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।