पुष्पअर्पित करने के साथ शहीदों को याद किया
देवलेन(हिण्डौनसिटी). राज्य सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर ने बुधवार को क्षेत्र के कई गांवों में शहीदों के बलिदान को याद करते हुए वीरांगना एवं उनके परिजनों का सम्मान किया।
गांव श्योसिंहपुरा में शहीद रामखिलाड़ी गुर्जर के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ श्रद्धासुमन व्यक्त किए और शहीद की मां का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। इसी प्रकार नयागांव में शहीद राजाराम के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए बलिदान का याद किया।
गांव महमदपुर के शहीद ओमीसिंह की प्रतिमा पर माला अर्पित की और शहीद के बलिदान का स्मरण किया। महमदपुर के ही शहीद हरिकिशन, लक्ष्मीनारायण, तुलसीराम तथा रघुवीर सिंह के चित्र पर पुष्पअर्पित करने के साथ शहीदों को याद किया।
इस दौरान शहीदों के परिजनों का सम्मान किया गया। इस मौके पर कर्नल जगदेव सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल मुकेश कुमार शर्मा, सूबेदार गुमान सिंह, ईश्वर सिंह, शहीद सम्मान यात्रा के प्रभारी वीरेन्द्र मित्तल, हिण्डौन भाजपा के महामंत्री बबली चतुर्वेदी, महू मंडल के अध्यक्ष जगपाल सोलंकी, युवा मोर्चा के रामावतार करई, ऊदल सिंह पेंचला आदि उपस्थित थे।
बदहाल हुआ पटवार घर
नहीं हो रही देखरेख
निसूरा. मूंडिया ग्राम पंचायत मुख्यालय पर बनाया गया पटवार घर बदहाली का शिकार हो रहा है। लाखों रुपए की राशि से निर्मित यह भवन वर्षों से बेकार पड़ा है। पटवार घर की सार-संभाल के प्रति प्रशासन गंभीर नहीं है।
ग्रामीण गुमान मूंडिया, दशरथ आदि ने बताया कि इस पटवार घर में निर्माण के बाद से पटवारी बैठा ही नही है। देखरेख के अभाव में यह क्षतिग्रस्त होता जा रहा है। समाजकंटकों ने भवन में लगाई गई खिड़की व उनकी जालियों को तोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया है। भवन के चारों ओर गंदगी के साथ झाडिय़ां उगी हुई हैं।
गांव में पटवारी के बैठने के ठिकाने की तलाश में लोग इधर उधर फिरते रहते है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र का पटवारी यदि सरकारी पटवार घर में बैठने लगे, तो किसानों को भी परेशानी नही उठानी पड़ेगी।