www.patrika.com/rajasthan-news/
भूमि खरीदने की कवायद तेज
हिण्डौनसिटी. बाईजट्ट गांव में राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में नए भवन निर्माण के लिए ग्रामीणों द्वारा परस्पर राशि जुटाकर भूमि खरीदने की कवायद शुरु की है। भूमि खरीदने के बाद कक्षा कक्षों का निर्माण कराया जाएगा।
विद्यालय परिसर में गत दिवस भूमि क्रय व भवन निर्माण को मूर्तरूप देने के लिए बहादुर सिंह जाट की अध्यक्षता में सर्वसमाज की पंचायत हुई। प्रधानाचार्य रहीमुदïï्दीन खान ने बताया कि विद्यालय को राज्य सरकार ने इसी सत्र में उच्च माध्यमिक स्तर में क्रमोन्नत किया है। सरकार ने शिक्षण व्यवस्था के लिए शिक्षक और व्याख्याताओं को पदस्थापन तो कर दिया, लेकिन विद्यालय में कक्षाओं की बैठक व्यवस्था के लिए पर्याप्त कक्षा कक्षों को निर्माण नहीं कराया गया है। विद्यालय में भवन के नाम पर छह कमरे हैं। मरम्मत के अभाव में ये कमरे बदहाल हो रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने निजी आर्थिक सहयोग से भवन निर्माण कराने का बीड़ा उठाया है। परिसर में कक्षा कक्षों के लिए पर्याप्त भूमि नहीं होने पर ग्रामीणों ने स्कूल से सटी भूमि को खरीद का विद्यालय प्रशासन को देना तय किया है। इसके तहत बहादुर जाट, सरपंच गोविन्द जाट ने मोटी राशि दे रुपए एकत्रीकरण की शुरुआत की। प्रधानाचार्य ने कहा कि जल्दी ही भूमि क्रय करने की प्रक्रिया पूरी कर विद्यालय के नाम रजिस्ट्री कराई जाएगी। पंचायत में पूर्व सरपंच मुरारी शेरवाल, सुगर सिंह, पूर्व सरपंच राधारमण जाट, भीमा पटेल गुमानसिंह जाट हरीचरण फौजी नरेन्द्र बाबा, मुकेश भगौड विजयसिंह जाट आदि ने विचार व्यक्त किए। विद्यालय के लिए बाईजट्ट निवासी हरीचरण जागिंड ने एक वाटर कूलर व आरओ देने की घोषणा की। वहीं राजू सैन ने छत के नौ पंखे देने की घोषणा की है।
बीच राह में लगाया पोल, रास्ता हुआ संकरा
हिण्डौनसिटी. सूरौठ के जटवाड़ा ग्राम पंचायत के नांगल दुर्गसी गांव में जाटव की बस्ती के पास अतिक्रमण होने से नांगल-चिनायटा गांव जाने वाला रास्ता संकरा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कइयों बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी सडक़ सीमा से अतिक्रमण नहीं हटाया गया है।
ग्रामीण राजवीर गुर्जर ने बताया कि नांगल दुर्गसी गांव से चिनायटा के रास्ता १२ फीट चौड़ा है। कुछ लोगों ने अतिक्रमश की मंशा से रास्ते में ५-६ फीट आगे विद्युत पोल लगा दिया है। इससे उक्त स्थान पर सडक़ मात्र ५ फीट चौडाई की रह गई है। कई बार सार्वजनिक निर्माण विभाग के अभियंता से शिकायत की गई। इसके बाद भी रास्ते को अतिक्रमण मुक्त नहीं किया गया है। सरपंच रचना देवी ने बताया कि ग्राम पंचायत जटवाड़ा के गांव नागल में जाटव की बस्ती के पास बीच रास्ते में एक पोल लगा दिया है। जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है। पोल को हटवा कर सडक किनारे लगाया जाएगा।