करौली

अंतर महाविद्यालयी सॉफ्टबॉल एवं नेटबॉल प्रतियोगिता का आगाज

नादौती. कोटा विश्वविद्यालय कोटा के तत्वावधान में स्थानीय राजीव गांधी महाविद्यालय की मेजबानी में सत्र 2026-27 की अंतर महाविद्यालयी सॉफ्टबॉल एवं नेटबॉल (महिला एवं पुरुष वर्ग) खेल प्रतियोगिता का आगाज…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 4:48 PM IST
कोटा विश्वविद्यालय

नादौती. कोटा विश्वविद्यालय कोटा के तत्वावधान में स्थानीय राजीव गांधी महाविद्यालय की मेजबानी में सत्र 2026-27 की अंतर महाविद्यालयी सॉफ्टबॉल एवं नेटबॉल (महिला एवं पुरुष वर्ग) खेल प्रतियोगिता का आगाज हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ नादौती एसडीएम प्रीति चक, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. प्रद्युम्न सिंह, नादौती सरपंच प्रतिनिधि देवेंद्र राजपूत, बाड़ा वाजिदपुर सरपंच शिवसिंह, बड़ागांव सरपंच श्रीराम सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उपस्थित सभी लोगों ने खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता को सफल बनाने का संकल्प लिया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर एसडीएम प्रीति चक ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का नाम नहीं है, बल्कि खेल हमें अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और आत्मविश्वास सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो बस उन्हें सही मंच और अवसर देने की। उन्होंने राजीव गांधी महाविद्यालय को इस बड़े आयोजन की मेजबानी के लिए बधाई दी। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. प्रद्युम्न सिंह ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन ने खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, पानी, चिकित्सा, मैदान और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा है ताकि किसी भी टीम को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने सभी दल प्रभारियों और निर्णायकों का स्वागत करते हुए कहा कि नादौती की धरती हमेशा से शिक्षा और खेल को बढ़ावा देती रही है।

दोनों वर्गों में में होंगे मैच

26 से 28 नवंबर तक चलने वाली इस तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता में कोटा विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में सॉफ्टबॉल और नेटबॉल के मुकाबले खेले जाएंगे। पहले दिन ही खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। खिलाड़ियों ने शानदार कैच, तेज दौड़ और सटीक थ्रो से दर्शकों का मन जीत लिया। महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। नेटबॉल के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने टीम वर्क और फुर्ती का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं सॉफ्टबॉल में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिली। इस अवसर पर महाविद्यालय स्टाफ सदस्य अजय कुमार मीना, सतभान, कौशल, रकम, धीरज, चेतराम, अर्जुन, अतुल, राजेंद्र, हिम्मत, मनमोहन सहित खेल प्रभारी, विभिन्न महाविद्यालयों से आए दल प्रभारी तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पीटीआई प्रियकांत बेनीवाल ने किया।

Updated on:
27 Nov 2026, 4:48 PM IST
Published on: