करौली के बेटे रवि कुमार बैरवा ने 'कौन बनेगा करोड़पति' के मंच पर पहुंचकर अमिताभ बच्चन को गांवों की समस्याओं के बारे में बताया। जानें कितनी रकम जीती ....
Karauli News: करौली जिले के बालघाट के समीप जहांनगर मोरड़ा निवासी रवि कुमार बैरवा ने कौन बनेगा करोड़पति शो (Kaun Banega Crorepati Show) के 16 वें संस्करण में शामिल होकर 12 सवालों के सही जवाब दिए और 12 लाख 50 हजार रुपए जीते।
रेलवे सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग में रेलवे गुजरात में कार्यरत करौली के रवि कुमार बैरवा ने बताया कि वह रुपए का उपयोग मकान बनाने व बैंक से लिए ऋण को चुकाने में करेगा। वहीं, यह राशि माता-पिता के इलाज में भी बहुत काम आएगी।
रवि बैरवा ने बताया कि उन्होंने शो के दौरान महानायक अमिताभ बच्चन को गांवों में सड़क, पानी आदि की समस्याएं बताई। पानी के लिए गांवों के लोग किस तरह से रोजाना मशक्कत करते हैं।
रवि ने बताया कि वह लंबे समय से कौन बनेगा करोड़पति शो देख रहे हैं। उनकी इच्छा इस शो में जाने की थी। जो पूरी हुई है और उन्होंने 12.50 लाख रुपए जीते। अमिताभ बच्चन से मिलकर उनको बहुत खुशी हुई।