जयपुर

नीर पर भारी अवैध की बीमारी

जल उत्पादन कम होने से कई इलाकों की जलापूर्ति प्रभावित हो रही है।
2 min read
• •
Updated: 20 Oct 2016, 5:06 PM IST
Feature image
water problem

करौली . अवैध बिजली कनेक्शनों के सामने शहरी जल योजना के अभियंताओं ने भी घुटने टेक दिए हैं। ट्रांसफॉर्मर पर अधिक दबाव से फॉल्ट के कारण आए दिन जल रही मोटरों का नुकसान झेलते-झेलते आखिरकार क्षेत्र के तीन नलकूपों का संचालन ही बंद कर दिया। ऐसे में जल उत्पादन कम होने से कई इलाकों की जलापूर्ति प्रभावित हो रही है।

शहरी जल योजना के नलकूपों पर लगे ट्रांसफॉर्मरों पर अवैध बिजली कनेक्शनों की भरमार है। इसको लेकर नगरपरिषद के अभियंताओं की ओर से विद्युत निगम अधिकारियों को कई बार शिकायत की गई, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। अवैध कनेक्शनों के कारण फॉल्ट होने से आए दिन नलकूप की मोटर व उपकरण फुंक जाते हैं। नतीजतन जल योजना के अधिकारियों ने बिचपुरी रोड स्थित तीन नलकूप बंद कर बिजली कनेक्शन कटवा दिए।

दो तरफा नुकसान

बिजली के अवैध कनेक्शनों के कारण ना केवल नलकूपों की मोटर व उपकरण खराब हो रहे हैं, बल्कि अवैध कनेक्शनों के जरिए उपभोग होने वाली बिजली का बिल का भार भी नगरपरिषद को उठाना पड़ता है।

नहीं है पृथक ट्रांसफॉर्मर

दरअसल बिचपुरी रोड स्थित इलाकों में घरेलू कनेक्शन के लिए अलग से ट्रांसफॉर्मर नहीं लगा हुआ। इस कारण पानी के कनेक्शनों से बिजली आपूर्ति चल रही है। इससे ट्रांसफॉर्मर पर दबाव रहता है। मोटर जलने के साथ ट्रांसफॉर्मर के भी आए दिन खराब होने की नौबत आती है।

सात में से चार बंद

बिचपुरी रोड पर सात नलकूप लगे हैं। इनमें से कुछ का पानी मेला मैदान की टंकी और कुछ का पम्प हाउस में जाता है। वर्तमान में केवल तीन ही नलकूप चालू हैं। इस कारण टंकियों में पहुंचने वाले पानी की मात्रा कम हो गई है। कई इलाकों में तो दो-तीन दिन में जलापूर्ति हो रही है।

कलक्टर के आदेश पर हुई थी कार्रवाई

गर्मियों में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था बिगड़ गई थी। उस दौरान जिला कलक्टर ने जलदाय विभाग सहित प्रशासन के कई अधिकारियों को मॉनीटरिंग के लिए लगाकर व्यवस्था में सुधार कराया। उन्होंने नलकूपों के ट्रांसफॉर्मरों पर हो रहे अवैध कनेक्शनों को काटने के लिए 27 मई को अभियान चलाया गया, लेकिन दोबारा निगरानी नहीं करने के कारण अवैध कनेक्शन फिर से हो गए।

आश्वासन दिया, नहीं हुए कनेक्शन

नलकूपों के ट्रांसफॉर्मरों से अवैध कनेक्शन हटाने के दौरान स्थानीय लोगों ने विद्युत निगम के अभियंताओं से वैध कनेक्शन देने की मांग की। इस पर पूर्व में किए आवेदन और नए आवेदन लेकर जल्द कनेक्शन जारी करने आश्वासन दिया, लेकिन साढ़े चार माह गुजर जाने के बाद भी विद्युत निगम ने कनेक्शन जारी नहीं किए हैं। ऐसे में लोग अवैध रूप से बिजली का उपभोग कर रहे हैं।

Published on: