
करौली. यहां मुंशी त्रिलोकचन्द्र माथुर स्टेडियम में गुरुवार को तीसरी सीनियर पुरुष एवं महिला तथा सब-जूनियर राष्ट्रीय रिंग टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व प्रधान आयकर महानिदेशक सुनीता बैंसला तथा विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल रहे। प्रतियोगिता में 11 राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। 29 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में सीनियर पुरुष, महिला एवं सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
मुख्य अतिथि सुनीता बैंसला ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा और जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, त्याग और खेल भावना जैसे जीवन मूल्यों का विकास होता है। टीम के साथ खेलने से सहयोग, समर्पण और सामूहिक हित को प्राथमिकता देने की भावना मजबूत होती है। विभिन्न राज्यों से आए खिलाडिय़ों के बीच संवाद और सहभागिता से आपसी सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले युवाओं की सराहना करते हुए खिलाडिय़ों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन से करौली को खेल गतिविधियों के व्यापक मंच से जुडऩे का अवसर मिला है। इससे स्थानीय खिलाडिय़ों को दूसरे राज्यों से आए खिलाडिय़ों के खेल कौशल को करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
भारतीय रिंग टेनिस फेडरेशन के संरक्षण में राजस्थान रिंग टेनिस संघ के तत्वावधान में जिला रिंग टेनिस संघ करौली की ओर से प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें राजस्थान, तमिलनाडु, उड़ीसा, बिहार, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, दमनदीप आदि राज्यों की 11 टीमें टीम में भाग ले रही हैंं। चार दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में सीनियर पुरुष, महिला और सब-जूनियर वर्ग के मुकाबले होंगे। जिला रिंग टेनिस संघ के अध्यक्ष संतराम मीना एवं सचिव दिनेश गुर्जर सहित आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने अतिथियों, खिलाडिय़ों और प्रशिक्षकों का स्वागत किया।
इस अवसर पर भारतीय रिंग टेनिस महासंघ के महासचिव के.आर.वी. श्याम सुंदर, संयुक्त सचिव मनीषा रानी, महासंघ की एस. प्रिया, सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी ओ.पी. मीना, जिला क्रिकेट संघ के ब्रह्म सिंह, बबलू शुक्ला, धीरेन्द्र बैसला, कैप्टन हरकेश, अरुण सारस्वत, के.के. सारस्वत, जुगल किशोर शर्मा, राम हरि गुर्जर एथलेटिक्स सचिव सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।