26 से 28 नवंबर तक चलने वाली इस तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता में कोटा विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में सॉफ्टबॉल और नेटबॉल के मुकाबले खेले जाएंगे। पहले दिन ही खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। खिलाड़ियों ने शानदार कैच, तेज दौड़ और सटीक थ्रो से दर्शकों का मन जीत लिया। महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। नेटबॉल के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने टीम वर्क और फुर्ती का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं सॉफ्टबॉल में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिली। इस अवसर पर महाविद्यालय स्टाफ सदस्य अजय कुमार मीना, सतभान, कौशल, रकम, धीरज, चेतराम, अर्जुन, अतुल, राजेंद्र, हिम्मत, मनमोहन सहित खेल प्रभारी, विभिन्न महाविद्यालयों से आए दल प्रभारी तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पीटीआई प्रियकांत बेनीवाल ने किया।