प्रथम चरण में 15 दिसंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक एथलेटिक्स, तीरंदाजी, वॉलीबॉल, रस्साकशी, शूटिंग वॉल प्रतियोगिताएं होंगी। द्वितीय चरण में 1 अप्रैल से 15 मई 2027 तक कबड्डी, फुटबॉल, जूडो, शूटिंग, मलखंब एवं टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं तृतीय चरण में 15 सितंबर से 30 अक्टूबर 2027 तक खो-खो, कुश्ती, बास्केटबॉल, सतोलिया एवं हॉकी प्रतियोगिताएं होंगी। पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हिण्डौन के प्रधानाचार्य राजेश कुमार मीणा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतियोगिताएं ग्राम पंचायत स्तर तथा शहरी क्षेत्र की प्रतियोगिताएं शहरी स्तर पर आयोजित होंगी। इसके बाद जिला स्तर पर मुकाबले होंगे और जिला स्तर की विजेता टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करौली जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षकों की पहचान खेलों में उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार करने से बनती है।