करौली

ग्रामीण-शहरी खिलाड़ी जिला व राज्य स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा, तीन चरणों में होंगी 16 खेलों की प्रतियोगिताएं

खेलो राजस्थान गेम्स कार्यक्रम-2026 के तहत खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर गुरुवार को पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।
less than 1 minute read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 6:14 PM IST
हिण्डौन

हिण्डौन ब्लॉक खेल प्रभारी हरीश पाठक व नरेंद्र बाबा ने बताया कि बैठक में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार शुक्ला ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को उचित अवसर प्रदान कर जिला एवं राज्य स्तर तक अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने प्रतियोगिताओं को सफल बनाने के लिए शारीरिक शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए अधिकाधिक खिलाडिय़ों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। बैठक में तैयारियों पर चर्चा करते हुए एसीबीओ दयालसिंह सोलंकी ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित होंगी।

प्रथम चरण में 15 दिसंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक एथलेटिक्स, तीरंदाजी, वॉलीबॉल, रस्साकशी, शूटिंग वॉल प्रतियोगिताएं होंगी। द्वितीय चरण में 1 अप्रैल से 15 मई 2027 तक कबड्डी, फुटबॉल, जूडो, शूटिंग, मलखंब एवं टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं तृतीय चरण में 15 सितंबर से 30 अक्टूबर 2027 तक खो-खो, कुश्ती, बास्केटबॉल, सतोलिया एवं हॉकी प्रतियोगिताएं होंगी। पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हिण्डौन के प्रधानाचार्य राजेश कुमार मीणा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतियोगिताएं ग्राम पंचायत स्तर तथा शहरी क्षेत्र की प्रतियोगिताएं शहरी स्तर पर आयोजित होंगी। इसके बाद जिला स्तर पर मुकाबले होंगे और जिला स्तर की विजेता टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करौली जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षकों की पहचान खेलों में उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार करने से बनती है।

पंजीकरण प्रक्रिया समझाई

बैठक में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक लोकेश मीणा ने खिलाडिय़ों के पंजीकरण की प्रक्रिया विस्तार से समझाई तथा ऑनलाइन पंजीकरण में आने वाली समस्याओं के समाधान की जानकारी दी। ब्लॉक खेल प्रभारी हरीश पाठक ने अधिकाधिक पंजीकरण कर प्रतियोगिताओं को सफल बनाने का आश्वासन दिया। शारीरिक शिक्षक सतबीर सिंह जाट, ओमप्रकाश डागुर, विक्रम सिंह, राजू लाल, देवेंद्र शर्मा, गब्बर सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने भी सुझाव रखे।

Updated on:
27 Nov 2026, 6:14 PM IST
Published on: