
Katni News :मध्य प्रदेश के कटनी जिले में स्थित सिजहरा गांव में दशहरे के उत्सव की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब देखकर घर लौट रहे तीन युवकों की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं। बरही थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रिया के पास बुधवार रात करीब 10 बजे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। एक साथ तीन युवकों की मौत से सिजहरा गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 19 वर्षीय छोटे कोल, पिता जम्मन कोल, 20 वर्षीय सुमित कोल, पिता सिरागो पाल और 18 वर्षीय अमित कोल, पिता गोपाल कोल के रूप में हुई है। तीनों ग्राम सिजहरा, थाना बरही के रहने वाले थे। बुधवार रात को तीनों युवक बाइक से सिनगोड़ी में आयोजित दशहरा कार्यक्रम देखने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पड़रिया गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर बरही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने में जुटी है।
कम उम्र में एक ही परिवार के 3 युवकों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिन घरों में युवक दशहरा कार्यक्रम देखने के बाद लौटने का इंतजार था, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। पूरे सिजहरा गांव में शोक का माहौल है। गांव के बेहद गमगीन माहौल के बीच तीनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुट गई है।