कटनी

झिंझरी पुलिस लाइन मैदान में जुटेंगे 15 जिलों के युवा, देश सेवा में जाने दिखाएंगे जौहर व आजमाएंगे किस्मत

अग्निवीर भर्ती रैली 13 फरवरी से, भर्ती रैली की शुरू हुई तैयारी, झिंझरी पुलिस लाइन मैदान में होगी रैली
3 min read
Feb 08, 2026
Agniveer Bharti: अग्निवीर भर्ती रैली, इस वेबसाइट से करें एडमिट कार्ड डाउनलोड

कटनी. भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देख रहे युवाओं के लिए कटनी से बड़ी खुशखबरी है। सेना भर्ती कार्यालय मुख्यालय जबलपुर के तत्वावधान में 13 फरवरी से झिंझरी पुलिस लाइन मैदान में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस भर्ती रैली को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है।
रैली की तैयारियों को लेकर कलेक्टर आशीष तिवारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बड़ी संख्या में आने वाले युवाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।

15 जिलों के युवा होंगे शामिल

झिंझरी पुलिस लाइन मैदान में आयोजित इस अग्निवीर भर्ती रैली में कटनी जिले के साथ-साथ जबलपुर, अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, मंडला, मऊगंज, नीमच, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया जिलों के युवा भाग लेंगे। प्रतिदिन अलग-अलग जिलों से 700 से 800 अभ्यर्थियों के रैली में शामिल होने की संभावना है, जिससे मैदान में देशभक्ति का उत्साह और जोश देखने को मिलेगा।

(फोटो- file)

पुख्ता व्यवस्थाओं के निर्देश

कलेक्टर ने भर्ती रैली को देखते हुए यातायात प्रबंधन, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, शौचालय, सफाई और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम को चलित शौचालय, पेयजल टैंकर और पर्याप्त सफाई कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पीडब्ल्यूडी विभाग को झिंझरी पुलिस लाइन में बैरिकेटिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रैली स्थल पर सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर और प्रिंटर की व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस सौरव नामदेव को दी गई है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड वाहन, मेडिकल एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ की तैनाती के भी निर्देश दिए गए हैं।

महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों का होगा फिजिकल टेस्ट

डायरेक्टर रिक्रूटमेंट रितिक खंजोड़े ने बताया कि इस अग्निवीर भर्ती रैली में महिला एवं पुरुष दोनों अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट लिया जाएगा। रैली के माध्यम से अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क और ट्रेड्समैन पदों के लिए चयन किया जाएगा।

दस्तावेज सत्यापन के लिए विशेष दल तैनात

भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए 13 फरवरी से 28 फरवरी तक तीन स्तरों पर शासकीय सेवकों की ड्यूटी लगाई गई है। रात्रि 12 बजे से प्रवेश पत्र परीक्षण एवं प्रिंट सुविधा, सुबह 6 बजे से आधार कार्ड परीक्षण एवं प्रिंट सुविधा, सुबह 6 बजे से अन्य दस्तावेजों की जांच, अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, सभी आवश्यक दस्तावेज और आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा।

...तब मजबूत होता है भारत

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के अनुसार अग्निवीर भर्ती रैली केवल एक चयन प्रक्रिया नहीं, बल्कि देशभक्ति, अनुशासन और समर्पण की जीवंत मिसाल है। जब हजारों युवा सुबह-सवेरे मैदान में दौड़ लगाते हैं, तो यह केवल शारीरिक परीक्षा नहीं होती, बल्कि उनके भीतर जल रही भारत माता की सेवा की लौ का प्रमाण होती है। सेना में शामिल होना सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि त्याग, साहस और राष्ट्र के लिए सर्वस्व अर्पण करने का संकल्प है। कटनी में आयोजित यह अग्निवीर भर्ती रैली उन युवाओं के सपनों को दिशा देगी, जो तिरंगे के सम्मान और देश की रक्षा को अपने जीवन का लक्ष्य मानते हैं। आज का युवा जब सेना की वर्दी पहनने का सपना देखता है, तो वह सिर्फ अपने भविष्य को नहीं, बल्कि भारत के भविष्य को भी मजबूत करता है। यही जज्बा देश को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाता है।

Updated on:
08 Feb 2026 11:11 am
Published on:
08 Feb 2026 11:11 am