कटनी

आचार संहिता से पहले भूमिपूजन, लोकार्पण की आई बाढ़

शहर में अंडरपाथ, सिटी बस सेवा का शुरू नहीं हो पाया काम, बैनर पोस्टर भी हटाए
2 min read
• •
Updated: 7 Oct 2018, 9:54 PM IST
earthquake
earthquake

कटनी. आचार संहिता के प्रभावशील होने से पहले ही जिले के विधायकों ने पूर्व स्वीकृत सभी कार्यों और पूरे हो चुके कामों के भूमिपूजन, लोकार्पण का कार्य पूरा कर दिया। पिछले एक सप्ताह से जिले में विकास कार्य प्रारंभ कराने की होड़ रही। सबसे अधिक भूमिपूजन व लोकार्पण जिले की मुड़वारा व विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में हुए तो शहर में मिशन चौक में अंडर पाथ और सिटी बस सेवा का कार्य विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के कारण अटक गया है। अंडर पाथ का काम रेलवे को कराना है और उसके लिए नगर निगम को राशि देनी है, जिसमें से कुछ राशि निगम दे चुका है लेकिन चुनाव से पहले उसका काम प्रारंभ नहीं हो सका है। सिटी बस सेवा को लेकर बसों की खरीदी का काम नहीं हो पाया है, जो अब चुनाव के बाद हो पाएगी।
मुड़वारा में ओवर ब्रिज, गल्र्स कॉलेज की आधार शिला
चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले मुड़वारा विधानसभा में विधायक संदीप जायसवाल ने १८० करोड़ रुपये के लोकार्पण व भूमिपूजन तीन दिन पहले ही किए हैं। जिसमें शहर की सबसे बड़ी मांग मिशन चौक रेलवे पुलिया में ४९ करोड की लागत से ओवर ब्रिज कम फ्लाई ओवर के साथ गल्र्स कॉलेज भवन की आधार शिला रखी। इसके अलावा घिनौची पुल का लोकार्पण, 150 बिस्तर के अस्पताल भवन का भूमिपूजन भी शामिल था। वहीं पिछले एक सप्ताह से नगर निगम सीमा के वार्डों में महापौर शशांक श्रीवास्तव ने भी सड़क, नालियों के भूमिपूजन कर काम प्रारंभ कराए।
सुबह तक चले भूमिपूजन
विजयराघवगढ़ विधानसभा दो दिन से क्षेत्रीय विधायक संजय पाठक क्षेत्र में करोड़ों रुपये के भूमिपूजन व लोकार्पण कर चुके हैं। जिसमें कैमोर में विद्युत उपकेन्द्र, महानदी से बरही को पानी देने करोड़ों की योजना शामिल हैं। इसके अलावा विजयराघवगढ़, बरही, कैमोर नगर परिषदों के साथ ग्राम पंचायतों में भी सड़क, नाली, पानी, रंगमंच आदि के काम के भूमिपूजन, लोकार्पण हुए हैं। विधानसभा क्षेत्र में राज्यमंत्री शनिवार की सुबह तक भ्रमण में रहे और कांटी सहित अन्य क्षेत्रों में आचार संहिता प्रभावशील होने से पहले भी भूमिपूजन हुए।
------------------------------------

Published on: