-उज्जैन में महाकाल लोक के लोकार्पण का जश्न-कटनी में निकली भव्य शोभायात्रा-प्राचीन मधई मंदिर से शुरु हुई भव्य शोभायात्रा-शहर के प्रमुख मंदिरों से गुजरकर हुई संपन्न
कटनी. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के आंगन में 'महाकाल लोक' का लोकार्पण करेंगे। इस भव्य आयोजन की के चलते देशभर के अलग अलग शहरों में भी आयोजन किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के कटनी में भी भव्य आयोजन हो रहे हैं। नगर के प्रमुख कार्यक्रम के तहत शहर के प्राचीन मधई मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना के साथ शोभायात्रा शुरू हुई। नगर निगम महापौर प्रीति सूरी व आयुक्त सत्येंद्र धाकरे ने भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। इसके बाद शोभायात्रा शुरू हुई। शोभायात्रा शारदा मंदिर, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर शेर चौक, आजाद चौक, जगन्नाथ मंदिर होते हुए जालपा मढ़िया में पहुंचकर सम्पन्न हुई।
भजनों की हुई प्रस्तुति
शोभायात्रा में संजू नाकरा भजन मंडली द्वारा व मधई मंदिर के पुजारी बिहारी चतुर्वेदी द्वारा एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी गई। शोभायात्रा में समाजसेवी कैलाश पाठक शिवजी की वेशभूषा में चले। शोभायात्रा में जीवंत झांकी आकर्षक का केंद्र रही। झांकी का जगह जगह स्वागत किया गया।
महापौर, आयुक्त सहित जनप्रतिनिधियों ने किया नृत्य
महाकाल लोक के लोकार्पण उत्सव पर शहर में निकली भव्य शोभायात्रा में भगवान भोलेनाथ की जीवंत झांकी के साथ में महापौर प्रीति सूरी ने और नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र सिंह, भाजपा के नव मनोनीत जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सहित अधिकारी कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों ने जमकर नृत्य किया। जालपा मढ़िया में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।