कटनी

कटनी कलेक्टर ने हाथ जोड़कर लोगों से मांगी माफी, जानें पूरा मामला

Collector Ashish Tiwari Apologize : बरही में हुए भीषण अग्निकांड में एक परिवार के 6 लोगों की मौत के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी ने लोगों से हाथ जोड़कर माफी मांगी। दमकल व्यवस्था में सुधार, कर्मचारियों को नागपुर में ट्रेनिंग और जिम्मेदारी तय करने का दिया आश्वासन।
3 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 2:10 PM IST
Collector Ashish Tiwari Apologize
पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर कलेक्टर ने हाथ जोड़कर मांगी माफी (फोटो सोर्स: Patrika)

Katni News :मध्य प्रदेश के कटनी में दीपावली की रात हुए एक भीषण हादसे में एक पूरा परिवार जिंदा जलने के मामले में कलेक्टर आशीष तिवारी का भावुक कर देने वाला बयान सामने आया है। घटना पर अफसोस जताते हुए कलेक्टर ने पीड़ितों के साथ साथ स्थानीय लोगों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी है। साथ ही उन्होंने आश्वासन भी दिया कि, इस तरह की घटना अपने जिले में भविष्य में दोबारा न हो इसकी पूरी व्यवस्था आज ही से बनाएंगे।

उन्होंने अग्निशमन व्यवस्था को कमजोर मानते हुए जल्द से जल्द जिले के सभी दमकल कर्मियों को नागपुर भेजकर एडवांस ट्रेनिंग दिलाई जाएगी। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने जिले के सरकारी सिस्टमों पर खासा नाराजगी व्यक्त की। किसी ने फायर सेफ्टी सुरक्षा पर सवाल उठाते तो किसी ने जिम्मेदार अधिकारियों को उदासीन बताते हुए कार्रवाई की मांग की। इसपर कलेक्टर तिवारी ने घटना में जिम्मेदारी तय करने का आश्वासन दिया है।

अग्निकांड में जिंदा जल गया परिवार

अग्निकांड में जला परिवार (फोटो सोर्स: Patrika)

आपको बता दें कि, दीपावली की रात भीषण हादसे में एक पूरा परिवार जिंदा जल गया। घटना बरही की है, जहां वार्ड क्रमांक 11 में हुए दर्दनाक हादसे में जिंदा जलने से परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। घटना रात करीब 12 बजे हुई थी। जिस घर में आग लगी वो तीन मंजिला है, नीचे किराने की दुकान है और ऊपर की दो मंजिलों पर परिवार के लोग रहते थे। आग दुकान में लगी और इतनी तेजी से फैली की परिवार के सदस्यों को बचने का मौका तक नहीं मिला। मृतकों में 2 महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है।

दीपावली की रात घर में लगी आग

पूरन अग्रवाल के घर में घटी इस दुखद घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि, 3 मंजिला मकान है जिसमें नीचे किराने की दुकान थी और ऊपर परिवार रहता था। घर में आग लगने पर परिवार के दो सदस्य रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आई थी, लेकिन बाकी सदस्य घर में ही फंस गए। बाहर निकले परिवार के दोनों सदस्यों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग जमा हुए और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन, आग इतनी तेज भड़की थी, कि बाल्टियों से पानी डालना व्यर्थ ही साबित हुआ।

मां की गोद में लिपटा मिला मासूम

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कई घंटों की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर घर में पहुंची। जब रेस्क्यू टीम मकान के अंदर पहुंची तो अंदर परिवार के सदस्यों के शव देख उनके भी रौंगटे खड़े हो गए। घर में जगह-जगह जले हुए शव पड़े थे। इनमें सबसे दुखद दृष्य दो महीने के मासूम बच्चे का शव था, जो अपनी मां के शव से लिपटा एक कौने में पड़ा मिला है।

इन लोगों की मौत

अग्निकांड में जला परिवार (फोटो सोर्स: Patrika)

घटना में जिन लोगों की मौत हुई है उनमें 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, नातिन आर्या (14), अन्वी (6) और दो माह का मासूम शामिल है। हादसे में परिवार के दो सदस्य रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। इस घटना के बाद पूरे बरही नगर में मातम पसरा हुआ है। वहीं इस घटना के वक्त दमकल व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। आरोप है कि नगर परिषद बरही का दमकल वाहन घटना के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा और उसका भी पाइप फटा हुआ था, जिसके कारण आग बुझाने में परेशानी हुई।

Updated on:
9 Nov 2026, 2:10 PM IST
Published on: