कटनी

पत्थरों को आकर्षक आकार में देने जुटे शिल्पकार

कटनी में आयोजित स्टोन आर्ट फेस्टिवल में पत्थरों पर चल पड़ी शिल्पकारों की छैनी-हथौड़ी.
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2021, 1:39 PM IST
Craftsmen working to give stones in attractive shape
पत्थरों को आकर्षक आकार में देने जुटे शिल्पकार.

कटनी. माधवनगर कटनी के जागृति पार्क में देशभर के शिल्पकारों का "आधारशिला" में संगम हुआ है। कटनी के स्टोन व मार्बल के टुकड़ों पर शिल्पकारों की नजर पड़ी, दिमाग में कलाकृति उभरी और उसके बाद पत्थरों पर चल पड़ी शिल्पकारों की छैनी और हथौड़ी। किसी ने मार्बल को अपनी कलाकृति के अनुरूप ढालना शुरू किया तो किसी ने सेंड स्टोन की शिलाओं पर अपने कल्पना के रंग बिखेरने शुरू किए। जागृति पार्क में 20 दिवसीय कटनी स्टोन आर्ट फेस्टीवल का मंगलवार की शाम शुभारंभ किया गया।

बुधवार को स्टोन आर्ट फेस्टीवल का हिस्सा बनने आए कई प्रदेशों के शिल्पकारों ने कलाकृतियां बनाने का काम प्रारंभ कर दिया। जागृति पार्क में गुजरात, जबलपुर, तमिलनाडू, पंजाब, मुंबई, हरियाणा, जयपुर से आए शिल्पकार कटनी के स्टोन पर कलाकृतियां उकेर रहे हैं। उनके द्वारा बनाई गई कलाकृतियों की अंतिम दो दिन प्रदर्शनी पार्क में ही लगाई जाएगी और उनकी नीलामी भी होगी। उत्कृष्ट कलाकृति को आयोजन समिति की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगा।

कटनी स्टोन आर्ट फेस्टीवल में आए शिल्पकारों का बुधवार को उत्साहवद्र्धन करने स्थानीय नागरिक भी पहुंचे। लोगों ने जहां शिल्पकारों की पत्थरों पर चलते औजारों को देखा तो शिल्पकारों से उनकी शिल्पकला के बारे में जानकारी भी ली। शिल्पकारों ने शिल्प कला और फाइन आर्ट के संबंध में लोगों को जानकारी दी तो कटनी के स्टोन की विशेषता भी बताई।

चार दिन उठा सकेंगे फूड फेस्टीवल का लुत्फ
स्टोन के उत्सव के साथ ही जागृति पार्क माधवनगर में शिल्पकला देखने आने वाले लोगों के लिए चार दिनों का फूड फेस्टीवल का भी आयोजन किया जा रहा है। सहायक कलेक्टर अंजली रमेश ने बताया कि कटनी के स्टोन को बढ़ावा देने आयोजित हो रहे स्टोन फेस्टीवल के साथ ही राज्य सरकार की मंशानुरूप स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा देने जिले में काम किया जा रहा है। इसी के चलते स्टोन फेस्टीवल के दौरान 13 व 14 नवंबर को जागृति पार्क में फूड फेस्टीवल का आयोजन होगा।

Published on: