
Katni Daylight Theft: मध्यप्रदेश के कटनी में बेखौफ चोरों ने सोमवार को दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात अंजाम दिया। चोरों ने कोतवाली थाना क्षेत्र के निमिया मोहल्ला में रहने वाले रत्नेश कुमार नेमा के घर को निशाना बनाया। रत्नेश नेमा परिवार के साथ बाहर गए थे और वापस लौटकर आए तो घर के ताले टूटे हुए थे, जीवनभर की पूंजी चोरी होने के बाद दंपती सदमे में बेहोश हो गए और होश में आने पर पुलिस को सचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
रत्नेश कुमार नेमा ने बताया कि घर में कन्या भोज का आय़ोजन किया था। कन्याओं को भोजन कराने के बाद दोपहर में करीब सवा 12 बजे परिवार समेत पास ही स्थित जालपा मढ़िया में प्रसाद चढ़ाने के लिए गए थे। करीब सवा घंटे बाद 1.30 बजे के आसपास घर लौटे तो घर का बाहर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे। घर का सामान बिखरा हुआ था, जेवरात व नकदी गायब थे। घर की हालत देख वो और उनकी पत्नी दोनों ही बेहोश हो गए।
चौंकाने वाली बात यह है कि चोर घर में रखे रत्नेश कुमार नेमा के बेटे के तलाक संबंधी दस्तावेज भी चुरा ले गए हैं। इसके साथ ही सोने-चांदी के जेवरात व नकदी समेत करीब 10 लाख रुपये चोरी होने की बात पीड़ित परिवार के द्वारा बताई गई है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे तो कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के नजर आने की जानकारी सामने आई है। पुलिस फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।