एकता यात्रा में कटनी पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने सीएम पर साधा निशाना, कहा- शिवराज सरकार गरीबों की हितैषी है तो 2004 से लिया बिजली बिल माफ करें
कटनी. एकता यात्रा में कटनी पहुंचे मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिजली में फायदा ही देना था तो 2013 से लागू कर देते। फायदा तो मिलता गरीबों को। हमारा ये कहना है कि वे यदि ईमानदारी से गरीबों के पक्ष में हैं तो 2004 से 2018 तक का बिल माफ क्यों नहीं करते। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय ने समन्वय एकता यात्रा में शुक्रवार को पूरा दिन कार्यकर्ताओं के साथ बिताया। के बिंदुओं पर उनसे चर्चा की और आगामी चुनाव के लिए कमर कसने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि शिवराज सिंह बार-बार मेरे कार्यकाल की नीतियों को खराब बताते हैं। हमने पूछा कौन सी नीति खराब थी तो आज तक नहीं बताया। केवल कहते हैं दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में मध्यप्रदेश पिछड़ गया, लेकिन फायदा उन नीतियों का उठा रहे हैं। स्वाभाविक है जब पौधा लगाया जाता है, तो फल दूसरा खाता है। उस समय बुनियादी तौर पर हमने जो निर्णय लिये थे। चाहे सड़क हो, बिजली हो या पानी हो। उसका लाभ बाद में इन्हें मिला है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा...
- किसान परेशान है। भावांतर योजना में चना लिया। फिर कहने लगे जिनता उत्पादन था उतना लेंगे। ऐसा इसलिए कि पैसे नहीं है। वादे ऐसे कर रहे हैं कि ईश्वर ने छप्पर फाड़ के कुछ दिया हो।
- शिवराज सिंह जी मेरे कार्यकाल में निजी तौर पर दिग्विजय सिंह पर भ्रष्टाचार का एक प्रकरण बता दीजिए। एक।
- शिवराज सिंह चौहान शुद्ध झूठ बोलते हैं। बीमारु राज्य से मध्यप्रदेश आज भी नहीं निकला। मेरे कार्यकाल में संसाधन की कमीं थी। केंद्रीय करों का राज्य को हिस्सा 28 प्रतिशत मिलता था, आज 42 प्रतिशत है। इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे।
- मेरे आरोंपो का उत्तर क्यों नहीं देते। व्यापम की बात क्यों नहीं करते, अवैध रेत खनन की बात क्यों नहीं करते। कटनी में अवैध खनन का प्रमाण है उसकी बात क्यों नहीं करते।
2018 का चुनाव पार्टी लड़ेगी व्यक्ति नहीं
कटनी में एकता यात्रा में कार्यकर्ताओं को संबोंधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि 2018 का चुनाव पार्टी लड़ेगी, व्यक्ति नहीं लड़ेगा। यहां सब लोग जोडऩे के लिए आए हैं। आप मनभेद, मतभेद मिटाने आए हैं। संयम रखें, धीरज रखें। कांग्रेस में सबके लिए जगह है। मुझे विश्वास है, सारे कांग्रेसी एक हो गए तो चारों सीटों पर कटनी में कांग्रेस पार्टी जीतेगी। सरकार बना लो जिनपर झूठे मुकदमे हो गए वो सारे मुकदमे वापस हो जाएंगे। जिनको सताया गया है, सताने से नुकसान पहुंचा है उसे एडजस्ट करेंगे। इस अवसर पर जिला इकाई शहर अध्यक्ष मिथिलेष जैन, ग्रामीण अध्यक्ष गुमान सिंह, प्रदेश सचिव फिरोज अहमद, युवक कांग्रेस अध्यक्ष मनु दीक्षित, राकेश जैन, अनिल तिवारी, भुवनेश्वर दीक्षित, राजा जगवानी, सुजीत द्विवेदी, डॉ. आनंद पटेल, गोल्डन पांडेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बंद कमरे में तीन घंटे और सभास्थल पर दो घंटे अलग-अलग की कार्यकर्ताओं से बात
जिलेभर में वरिष्ट से लेकर युवा और शहर से लेकर गांव तक कांग्रेसियों को एक सूत्र में पिरोने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक-एक कार्यकर्ताओं से बात की। अरंदिम होटल में सुबह 11 से 2 बजे तक वरिष्ट कार्यकर्ताओं से बंद कमरे में अलग-अलग बात की। आधे घंटे बाद अर्जुन पैलेस में विधानसभावार कार्यकर्ताओं की बातें सुनी और अपनी बात कही। यह सिलसिला शाम 4.30 बजे तक चला। इस दौरान गांव-गांव से आए कार्यकर्ताओं ने पार्टी को मजबूत बनाने अपनी बात खुलकर रखी।
खास-खास
- बंद कमरे में मिलने वालों की सूची पहले ही तैयार की गई थी। इसमें कई कार्यकर्ता सूची में नाम नहीं होने पर आपत्ति जताते दिखे।
- एकता यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर पत्तल पर भोजन किया।
- समन्वय एकता यात्रा मेंं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के साथ समन्वय समिति के रामेश्वर नीखरा, महेश जोशी, विनय शंकर दुबे, सुनील सूद, हरिसिंह नटवरिया, हरगोविंद जौहरी व मुजीब कुरैशी कटनी पहुंचे।