कटनी

Video: कटनी पहुंचे नवागत डीआरएम ने प्रयागराज कुंभ को लेकर कही बड़ी बात…

DRM inspected Katni station
3 min read
• •
Updated: 8 Jan 2025, 8:43 PM IST
DRM inspected Katni station
DRM inspected Katni station

प्रयागराज कुंभ के लिए रखें चाक-चौबंद व्यवस्था, यात्रियों को न हो किसी भी प्रकार की अव्यवस्था
नवागत डीआरएम स्पेशल सैलून से पहुंचे कटनी, एक घंटे तक किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश

कटनी. पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर मंडल के नवागत मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कमल कुमार तलरेजा मंगलवार दोपहर 12 बजकर 16 मिनट में स्पेशल सैलून से कटनी पहुंचे। स्पेशल शैलून में बैठे-बैठे विंडो इस्पेक्शन किया और फिर नीचे उतरकर अधिकारियों से मुलाकत थी। स्टेशन प्रबंधक संजय दुबे ने डीआरएम का सम्मान किया। इसके बाद डीआरएम स्टेशन की संरचना की जानकारी लेते हुए स्टेशन के बाहर निकले। यहां पर थाना शिफ्ट करने, अमृत भारत योजना के तहत चल रहे सौंदर्यीकरण आदि की जानकारी ली। लगभग एक घंटे तक घूम-घूमकर स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, जन आहार, रनिंग रूम आदि का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की जानकारी ली।


डीआरएम ने निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से प्रयागराज महाकुंभ के दौरान कटनी जंक्शन में बढऩे वाली यात्रियों की भीड़ के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए। डीआरम ने कहा कि प्रसाधन, पानी, बैठक व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें। स्थानीय प्रशासन से भी समन्वयन बनाकर रखें। यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। डीआरएम ने कुंभ मेला के लिए क्या प्रस्ताव बनाया गया है, उसके बारे में चर्चा की। इस दौरान एडीआरएम आनंद कुमार, सीनियर डीसीएम मधुर वर्मा, सीनियर डीएन को जेपी सिंह, एरिया मैनेजर रोहित सिंह, स्टेशन प्रबंधक संजय दुबे, एसएन शुक्ला, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एके दीक्षित आदि मौजूद रहे।

सर्कुलेटिंग एरिया की देखी व्यवस्थाएं
डीआरएम कमल कुमार ने सर्कुलेटिंग एरिया की व्यवस्थाओं को देखा। कहा कि पार्किंग स्थल इतना बड़ा क्यों है, तो अधिकारियों ने बताया कि अमृत भारत में बड़ा स्पेश मिला है। प्लेटफॉर्म क्रमांक दो में बंद पड़े जन आहार केंद्र व रिटायरिंग रूम के बारे में जानकारी ली। पूछा कि आखिर ये क्यों बंद है। इस पर सीनियर डीसीएम मधुर वर्मा ने बताया कि ठेका एवार्ड हो गया है, जल्द चालू करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। रिटायरिंग रूम को भी शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए।

देखी गार्ड लॉबी व निर्माण कार्य
डीआरएम फुट ओवर ब्रिज से होते हुए प्लेटफॉर्म क्रमांक-5 के सर्कुलेटिंग एरिया में पहुंचे। यहां पर भी अमृतभारत योजना के तहत चल रहे काम को देखा। गुणवत्तायुक्त निर्माण कराने कहा। गार्ड लॉबी पहुंचे डीआरएम ने पूरी प्रक्रिया को जानी। पायलट और गार्ड के ड्यूटी के संबंध में जानकारी ली। गार्ड लॉकी में चलने वाली कियोस्क मशीन को देखा, वह कैसे काम करती है वह जाना। लॉबी को और बड़ी बनाने के लिए कहा। यहां से निरीक्षण के बाद फिर प्लेटफॉर्म क्रमांक दो के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया का जायजा लिया।

निरीक्षण को लेकर खास-खास

  • प्लेटफॉर्म क्रमांक-5 के टिकट काउंटर भवन गंदा होने पर सफाई व रंग-रोगन कराने के दिए निर्देश।
  • मंदिर के सामने दीवार की ली जानकारी, एईएन ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के बाद बनाया गया है गेट, कलेक्टर को मंदिर यथावत करने किया गया है पत्राचार।
  • एडीआरएम आनंद कुमार को कुंभ मेला से संबंधित सभी तैयारियों को पूर्ण कराने के दिए निर्देश।
  • स्टेशन में बच्चों का रेस्क्यू करने वाली टीम से की चर्चा, जानी समस्याएं, कार्यालय के लिए कक्ष आदि की रखी मांग।
  • कटनी में निरीक्षण के बाद मैहर, सतना का निरीक्षण कर वापस लौट डीआरएम, अलग से कटनी का दौरा करने कही बात।

यूनियन पदाधिकारियों ने की चर्चा
डीआरएम से वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के मंडल अध्यक्ष एसएन शुक्ला ने मुलाकात कर कर्मचारियों के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की। कहा कि गार्ड साइड की लाइन बॉक्स की समस्या एवं सीसीटीसी में जो पॉइंट्स मैन पास हो चुके हैं उनकी पदोन्नति की जाए। डीआरएम ने आश्वासन देते हुए कहा कि इसे जल्द से जल्द कराया जाएगा। अन्य कर्मचारियों की समस्या को लेकर चर्चा कर समाधान कराए जाने मांग रखी। इस दौरान मंडल अध्यक्ष के साथ कार्यकारी मंडल अध्यक्ष संतोष यादव, अशोक कुमार पाठक, शिव शंकर पांडे, अरविन्द राठौर, विश्व मोहन आदि मौजूद रहे।

चाक-चौबंद दिखी व्यवस्था
डीआरएम के आगमन को लेकर प्रतिदिन से अलग हटकर स्टेशन व परिसर नजर आया। सफाई व्यवस्था एकदम चकाचक रही। इसके अलावा पूरे समय कर्मचारी सफाई करते दिख। पार्किंग में भी एकदम नियमों का पालन कराया गया। स्टेशन द्वार में धमाचौकड़ी मचाने वाले ऑटो व इ-रिक्शा सर्कुलेटिंग एरिया में खड़े नजर आए। स्टेशन से भिखारी, अवैध वेंडर सभी गायब दिखे। जीआरपी व आरपीएफ व्यवस्था बनाने में जुटी रही।

Updated on:
8 Jan 2025, 8:43 PM IST
Published on: