Fog Wreak Havoc : कोहरे की आगोश में डूबा शहर दृश्यता घटकर पांच मीटर से कम रह गई हैं। ठंड और शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है। सुबह 10 बजे तक शहर में घना कोहरा छाने से सड़क आवागमन और रेल यातायात प्रभावित हुआ है।
Fog Wreak Havoc :मध्य प्रदेश के कटनी शहर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला है। बीते दो दिनों से आसमान में बादल छाए रहने के कारण ठंड का असर कुछ कम हुआ था, लेकिन सुबह-शाम ठिठुरन बनी हुई थी। रात का तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस और दिन का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
आज सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो पूरा शहर घने कोहरे की आगोश में ढका हुआ दिखाई दिया। सुबह के समय दृश्यता घटकर 5 मीटर से भी कम हो गई थी। सूर्योदय के साथ कोहरा कम होने की बजाय और घना होता चला गया। सुबह से लेकर करीब 10 बजे तक पूरे शहर में कोहरा छाया रहा।
घने कोहरे के कारण आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा, वहीं रेल यातायात पर भी इसका असर देखने को मिला। ट्रेनों की रफ्तार धीमी रही, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, हिमालय क्षेत्र में हो रही बर्फबारी और उत्तर दिशा से चल रही सर्द हवाओं के चलते शीतलहर का प्रभाव बढ़ गया है। इसके कारण ठंड में और इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है। आने वाले दिनों में सुबह-शाम कोहरे और ठंड का असर बना रह सकता है।