कटनी

कटनी में पुलिस स्मृति दिवस: 13 शहीद जवानों के परिजन का सम्मान, 154 शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि

Police Smriti Diwas : पुलिस लाइन झिंझरी में आयोजित हुई स्मृति दिवस परेड, एएसपी कमल मौर्य ने देशभर के 154 शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। परेड दल ने सलामी दी।
2 min read
• •
Oct 21, 2026
Police Smriti Diwas
पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को नमन (फोटो सोर्स: Patrika)

Katni News : कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में बुधवार को मध्य प्रदेश के कटनी शहर के पुलिस लाइन झिंझरी स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया गया। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने शहीद जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में जिले के 13 शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

154 शहीदों के नामों का वाचन, परेड दल ने दी सलामी

सलामी देता परेड दल (फोटो सोर्स: Patrika)

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने देशभर में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। इसके बाद परेड दल ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर देश के सभी शहीदों को सलामी दी। पुलिस स्मृति परेड मार्च में वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को याद किया गया।

पुलिस बल के योगदान और समर्पण का प्रतीक है 21 अक्टूबर

आपको बता दें कि, हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 भारतीय पुलिस जवानों के बलिदान से जुड़ी है। ये दिवस देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की रक्षा में पुलिस बल के योगदान और समर्पण का प्रतीक है।

13 शहीद जवानों के परिजन का सम्मान

शहीद जवानों के परिजन को सम्मानित किया गया (फोटो सोर्स: Patrika)

समारोह में कटनी जिले के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित शहीदों में प्रधान आरक्षक श्रवण गर्ग, काशीराम यादव, राजेश शुक्ला, हृदय नारायण यादव, राम किशोर विश्वकर्मा, विनोद राय, प्रकाश सिंह, गया सिंह त्रिपाठी और अवधेश दुबे तथा आरक्षक राजेश गौतम, अशोक सोनी, तखत सिंह और हीरालाल केवट शामिल हैं। इस दौरान शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्य के प्रति समर्पण और देश की सुरक्षा के लिए दिए गए बलिदान को याद किया गया। परिजन का सम्मान कर उनके त्याग और योगदान को याद किया गया।

वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

परेड में शामिल पुलिस जवान (फोटो सोर्स: Patrika)

कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, जनप्रतिनिधि दीपक टंडन एवं अशोक विश्वकर्मा, एसडीएम जितेंद्र पटेल, डीएसपी रत्नेश मिश्रा, डीएसपी आकांक्षा चतुर्वेदी और रक्षित निरीक्षक सपना त्रिपाठी सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक सोनम उईके ने परेड कमांडर के रूप में किया। सहायक कमांडर की जिम्मेदारी रक्षित निरीक्षक अंजू लकड़ा ने निभाई, जबकि कार्यक्रम का मंच संचालन सीमा जैन ने किया।

Updated on:
21 Oct 2026 04:22 pm
Published on:
21 Oct 2026 03:44 pm