
कटनी. डिठवारा से विजयराघवगढ़ तक बनने वाली जिस सड़क का शनिवार को कटनी-खजुराहो सांसद नागेंद्र सिंह व मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल ने भूमिपूजन किया था, उसी सड़क का सोमवार को राज्यमंत्री संजय पाठक ने भी भूमिपूजन किया। सोमवार को ग्राम पंडख़ुरी में डिठवारा-विजयराघवगढ़ सड़क का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के फेज-2 में डिठवारा से विजयराघवगढ़ तक बनने वाली 5.5 मीटर चौड़ी 20.0 किलोमीटर लंबाई की सड़क 11 करोड़ 96 लाख रुपये में बननी है। एक सड़क का दो बार भूमिपूजन सोमवार को पूरे दिन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय रहा, लोगों ने सोशल मीडिया पर पूरे घटनाक्रम को श्रेय लेने की राजनीति बताया।
इधर पूरे मामले पर विधायक संदीप जायसवाल का कहना है कि ग्राम डिठवारा कटनी-मुड़वारा विधानसभा में आता है। इस कारण एक सितंबर को सांसद के साथ भूमिपूजन किया। उल्लेखनीय है कि सोमवार को जहां कार्यक्रम हुआ वह पडख़ुडी गांव राज्यमंत्री संजय पाठक के विधानसभा क्षेत्र विजयराघवगढ़ में है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के महाप्रबंधक रत्नाकर चतुर्वेदी ने बताया कि एक सड़क को दो स्थानों पर भूमिपूजन राजनीतिक मसला है, इस बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता।
प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री संजय सत्येन्द्र पाठक ने कहा कि क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा हजारों करोड़ रुपये लागत के विकास कार्य कराये गये हैं। अब बरगी नहर के माध्यम से खेतों में सिंचाई के लिये तथा घरों में पेयजल के लिये नर्मदा जल पहुंचाना सरकार की अगली प्राथमिकता होगी। विजयराघवगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत पडख़ुरी में 11 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से बनने वाली डिठवारा-विजयराघवगढ़ मार्ग के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के प्रबंधक रत्ताकर चतुर्वेदी सहित गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। उन्होने जन्माष्टमी के अवसर पर ग्रामवासियों को शुभकामनायें देते हुये कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास और लोगों के जीवनस्तर को सुधारने भरपूर प्रयास कर रही है। संबल योजना के सभी लाभों की जानकारी देते हुये राज्यमंत्री ने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही पंजीयन से वंचित नहीं रह जाये।