MP News: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में स्थित राइस मिल में आग लग गई। जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काबू पाया।
MP News: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे कटनी के माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रॉबर्ट लाइन स्थित सतराम दास करमचंद राइस मिल में आग लगने की सूचना मिलते ही नगर निगम कटनी के फायर ब्रिगेड कार्यालय ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रभारी फायर निरीक्षक शैलेंद्र दुबे ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही तीन दमकल वाहन प्रशिक्षित फायर अमले के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने स्थिति का बारीकी से आकलन किया और सुनियोजित रणनीति के तहत आग बुझाने की कार्रवाई प्रारंभ की।
राइस मिल परिसर में बड़ी मात्रा में संग्रहित ज्वलनशील धान की भूसी को ध्यान में रखते हुए फायर टीम ने प्राथमिकता के आधार पर आग को फैलने से रोकने पर जोर दिया। उद्देश्य यह रहा कि आग आसपास के औद्योगिक प्रतिष्ठानों और आवासीय क्षेत्रों तक न पहुंचे और किसी प्रकार की बड़ी क्षति न हो।दमकल दल द्वारा हाई प्रेशर पानी की बौछार और आवश्यक अग्निशमन उपकरणों की सहायता से निरंतर कार्रवाई की गई। तीन दमकल वाहनों के माध्यम से दो ट्रिप पानी पहुंचाकर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। समाचार लिखे जाने तक आग पर पूर्ण नियंत्रण की दिशा में प्रयास जारी थे और स्थिति शीघ्र सामान्य होने की संभावना जताई गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस अग्नि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो राहत की बात है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।नगर निगम प्रशासन ने जिले के सभी औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें। साथ ही परिसर में अग्निशमन यंत्रों की नियमित जांच व रखरखाव सुनिश्चित करें तथा ज्वलनशील सामग्री का सुरक्षित भंडारण करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।