कटनी

फ्लाईओवर की चढ़ाई से नीचे लुढ़की बस, बेकाबू होकर पलटी, एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल

Road Accident: कटनी में फ्लाईओवर पर ब्रेक फेल होते ही यात्रियों से भरी बस बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए। 5 लोगों की हालत गंभीर है।
2 min read
Mar 30, 2026
MP news Passenger Bus Overturns at Lamtara flyover Over a Dozen Injured road accident
Passenger Bus Overturns at Lamtara flyover (Patrika.com)

MP news: मध्य प्रदेश के कटनी एक बड़े सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा फ्लाईओवर के पास सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

यात्रियों से लगवाया धक्का

जानकारी के अनुसार, गुप्ता बस सर्विस की बस क्रमांक एमपी 53 पी 0214 कारीतलाई से कटनी आ रही थी। सुबह करीब 10 बजे जैसे ही बस लमतरा बाईपास स्थित फ्लाईओवर के पास पहुंची, चढ़ाई पर बस चढ़ नहीं पा रही थी और बार-बार बंद हो रही थी। चालक ने कई बार बस स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद चालक और कंडक्टर ने आधे से ज्यादा यात्रियों को बस से उतरवाकर धक्का लगवाना शुरू कर दिया जो कि साफ तौर पर गंभीर लापरवाही का मामला है।

अचानक पीछे लुढ़की बस, ब्रेक ने दिया जवाब

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस कभी आगे बढ़ती तो कभी पीछे खिसक जाती। इसी दौरान अचानक बस तेजी से पीछे की ओर लुढ़कने लगी और तभी उसका ब्रेक फेल हो गया। चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे जाकर पलट गई। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल यात्री दर्द से कराहते रहे। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और मजदूरों (राजगीरों) ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गौरतलब है कि बस से पहले ही 30 से अधिक यात्रियों को उतार दिया गया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि सभी यात्री बस में सवार होते, तो जानमाल का नुकसान कहीं अधिक हो सकता था।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, ड्राइवर की थी लापरवाही

पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही और बस की खराब स्थिति को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।आखिर कब तक लापरवाही से यात्रियों की जान जोखिम में डाली जाती रहेगी? प्रशासन और परिवहन विभाग को अब सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

ये हुए घायल

बस पलटने से रूबी शर्मा पति लवकेश शर्मा (26), बतसिया बाई बप्ति विश्राम (60), देवेंद्र कुमार शर्मा पिता सूरत प्रसाद शर्मा (66) कैमोर, रामकरण खटीक पिता लल्लूराम (60) निवासी विजयराघवगढ़, सोना बाई पति परदेशी (40) निवासी पडखुरी थाना कैमोर को गम्भीर चोट आई है। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। अन्य यात्रियों को मामूली चोट आई है, जो स्थानीय स्तर पर उपचार कराकर दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए चले गए हैं। (MP news)

Updated on:
30 Mar 2026 02:35 pm
Published on:
30 Mar 2026 02:35 pm