MP News: मध्य प्रदेश कटनी जिले में शराब की दुकान के पास हुए चाकूबाजी की घटना हुई है।
MP News: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम विलायत कला का है, जहां शुक्रवार शाम करीब 5 बजे शराब दुकान के पास मामूली विवाद के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम विलायत कला निवासी रमेश रजक और ग्राम बनेहरा निवासी धनेंद्र रजक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि खमतरा तिराहे के समीप स्थित शराब दुकान के सामने रमेश रजक ने धनेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में धनेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने के बजाय पास ही स्थित एक कमरे में घुस गया और अंदर से शटर गिराकर खुद को बंद कर लिया। सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी बाहर निकलने को तैयार नहीं था। पुलिस ने घंटों तक समझाइश दी, जिसके बाद आरोपी को बाहर निकालकर हिरासत में लिया गया।
इधर, घायल धनेंद्र को तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
इस संबंध में डॉ. संतोष कुमार डेहरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटनी ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है तथा घटना के कारणों की विस्तृत जांच और पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।