MP News: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में होलिका दहन धूमधाम से किया गया। इसी दौरान कुछ शरारती तत्वों ने नशे में धुत होकर हंगामा किया। जिसके बाद थाना प्रभारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कार्रवाई की बात कही।
MP News: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में 2 मार्च सोमवार को होलिका दहन का पर्व हिंदू रीति-रिवाजों और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इसी क्रम में कटनी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक होलिका दहन कार्यक्रमों में भाग लिया। कैमोर नगर के अलग-अलग स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग आयोजन स्थलों पर पहुंचे।
कैमोर नगर के खलवारा बाजार मुख्य चौराहे पर आयोजित होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल बिगड़ गया, जब कुछ असामाजिक तत्वों ने हंगामा शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान कुछ कमेटी सदस्य शराब के नशे में धुत होकर शोर-शराबा करने लगे और पुलिस प्रशासन के साथ अभद्र भाषा में गाली-गलौज करने लगे।
स्थिति बिगड़ती देख कैमोर पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया। पुलिस के पहुंचते ही हालात को नियंत्रित किया गया और नशे में मौजूद लोगों को समझाइश देकर शांति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
घटना की सूचना मिलते ही कैमोर थाना प्रभारी आशीष शर्मा अपने दलबल के साथ दहन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कमेटी के सदस्यों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वर्तमान में बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाना प्रतिबंधित है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने वालों पर सख्त कार्रवाई की बात भी कही गई। बताया गया कि घटना की कवरेज करने पहुंचे कुछ मीडिया कर्मियों के साथ भी असामाजिक तत्वों द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से हालात जल्द ही सामान्य हो गए और इसके बाद होलिका दहन का कार्यक्रम शांतिपूर्वक सम्पन्न कराया गया।
वहीं, दूसरी ओर पनिहाई होलिका उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित होलिका दहन कार्यक्रम काफी सराहनीय रहा। यहां कमेटी द्वारा नशा मुक्ति की थीम पर आकर्षक होलिका दहन सेटअप तैयार किया गया, जिसने लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की जमकर सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम बताया। पुलिस की सतर्कता और प्रशासनिक समझाइश के बाद कैमोर सहित अन्य क्षेत्रों में होलिका दहन का पर्व अंततः शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।