कटनी

कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत के विरोध में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, जमानत रद्द करने की मांग

MP News: मध्यप्रदेश के कटनी में उन्नाव के पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर की जमानत में विरोध प्रदर्शन किया गया।

2 min read
Dec 26, 2025

MP News: उत्तरप्रदेश के उन्नाव से भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को बलात्कार के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा दी जा रही जमानत के विरोध में शुक्रवार को मध्यप्रदेश के कटनी महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने नारेबाजी करते हुए इस निर्णय को महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था के लिए खतरनाक बताया।

राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा

प्रदर्शन के पश्चात महिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी कलेक्टर को महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि जून 2017 में उन्नाव से विधायक रहे कुलदीप सिंह सेंगर को बलात्कार एवं पीड़िता के परिजनों की हत्या जैसे जघन्य अपराधों के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। यह मामला पूरे देश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों का प्रतीक बनकर सामने आया था।

महिला कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि कुलदीप सिंह सेंगर ने न केवल एक महिला के साथ बलात्कार किया, बल्कि जब पीड़िता ने न्याय की आवाज उठाई तो उसके परिवारजनों की भी निर्मम हत्या करवाई गई। ऐसे गंभीर और संवेदनशील अपराध में दोषी व्यक्ति को जमानत दिया जाना न्यायपालिका की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

जमानत रद्द की जाए

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हाई कोर्ट द्वारा यह कहना कि पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा के कारण आरोपी को जेल में नहीं रखा जा सकता, अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। महिला कांग्रेस का कहना है कि इस प्रकार का तर्क पीड़ितों के मन में भय और अपराधियों के हौसले बढ़ाने वाला है। कटनी महिला कांग्रेस ने मांग की कि कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत तत्काल प्रभाव से रद्द की जाए तथा उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यह संदेश जाए कि सत्ता में बैठे लोगों पर भी कानून समान रूप से लागू होता है। साथ ही महिलाओं का न्यायपालिका पर विश्वास बना रहे।

प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहीं, जिन्होंने एक स्वर में महिला सुरक्षा और न्याय की मांग उठाई।

Published on:
26 Dec 2025 07:30 pm
Also Read
View All

अगली खबर