
कटनी। बीस मई को राष्ट्रीय पक्षी के पंख नोंचकर उतारने का सनसनीखेज मामला सामने आया था। रीठी क्षेत्र के ग्राम इमलिया-कूड़ो निवासी एक युवक राष्ट्रीय पक्षी मोर के पंख बेरहमी से नोंच रहा था। उसके साथ एक युवती भी मौजूद थी। वहीं एक व्यक्ति वीडियो बना रहा था तो, दूसरा टापू पर बैठा सबकुछ देख रहा था। रील बनाकर युवक ने वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट किया था। लेकिन राष्ट्रीय पक्षी के साथ किए गए इस निर्मम कृत्य से वन विभाग बेखबर था। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो जैसे ही गुजरात के एक एनजीओ के पास पहुंचा, तब उसने इसे संज्ञान में लेकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। उसके बाद यह मामला सुर्खियों में छाया और जिले का वन अमला इस मामले को लेकर एक्टिव होता नजर आया। देर से ही सही लेकिन वन विभाग और पुलिस की मेहनत रंग लाई और आखिरकार 25 दिन बार युवक और उसकी बहन को गिरफ्तार कर लिया गया।
वीडियो में दिखी बाइक से मिली पहली कड़ी
मामले में डीएफओ गौरव शर्मा ने बताया कि जैसे ही विभाग को वीडियो के बारे में जानकारी मिली। विभाग ने उसी दिन से मामले की जांच शुरू की थी। मामले में सही दिशा में आगे बढऩे की पहली कड़ी बनी वीडियो में नजर आने वाली बाइक। बाइक के नंबर से पता चल सका कि युवक कटनी का रहने वाला है। वहीं वीडियो में नजर आ रही युवती उसकी बहन है।
महाराष्ट्र में मिली लोकेशन
युवक की लोकेशन चंदोली नेशनल पार्क महाराष्ट्र में मिली। वन विभाग ने वहां के डीएफओ की मदद ली। वहां डीएफओ से जानकारी मिली कि अब उसकी लोकेशन सतारा जिले की सीमा पर मिली। वहां के डीएफओ से मदद ली गई। वे उसकी लोकेशन पर टीम के साथ पहुंचे भी, लेकिन युवक नदी में कूद गया। वहां मौजूद सभी महिलाओं को घेर लिया गया। लेकिन कोई भी महिला मामले में किसी भी तरह की जानकारी नहीं दे रही थी।
चार लोगों की टीम ने रेड मारकर किया गिरफ्तार
युवक को पकडऩे के लिए चार सदस्यीय टीम बनाई गई। इस टीम में शामिल रीठी के रेंजर महेश पटेल, भीमाखेड़ा की डिप्टी शकुंतला, कटनी के वनरक्षक कमल दूबे और पुलिस कॉन्सटेबल पूजा को मंगलवार को सतारा के लिए रवाना कर दिया गया। डेढ़ दिन बाद टीम वहां पहुंची। चार सदस्यीय इस टीम ने महाराष्ट्र की टीम के साथ मिलकर युवक की लोकेशन पर रेड मारी और युवक को गिरफ्तार कर लिया। यहां से भी युवक भागने की फिराक में था, लेकिन उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ ही उसकी बहन को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार बहन-भाई ने वीडियो बना रहे युवक का नाम भी बताया है। उसकी भी तलाश जारी है, वहीं टापू पर बैठा सारा आलम देखने वाले युवक को भी जल्द ही पकड़ा जाएगा।
इंवेस्टिगेशन जारी, कई खुलासे होने की उम्मीद
डीएफओ गौरव शर्मा का कहना है कि अभी उन्हें पकड़ा गया है। मामले में इंवेस्टिगेशन जारी है। इस मामले से यह साबित हो रहा था कि ये लोग आदतन अपराधी हैं। महाराष्ट्र में जाकर भी ये लोग मांस बेचते हैं। वहां भी कई अपराध करते हैं। इसकी पुष्टि वहां के डीएफओ ने की थी। इन्होंने मोर के साथ क्या किया अभी तक पता नहीं चल सका है।