
leopard death poaching suspicion 3 suspects, घटनास्थल पर तेंदुए का शव (source-patrika)
Katni Leopard Death: मध्यप्रदेश के कटनी जिले के रीठी वन परिक्षेत्र के देवरी बीट में तालाब किनारे गुरुवार को नर तेंदुए का शव मिलने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन अमला मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। तेंदुए की मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए सतना से खोजी डॉग बुलाया गया। खोजी डॉग ने तार का फंदा खोजा जिसके बाद जांच के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
जांच के दौरान डॉग शव मिलने वाले स्थान से करीब 300 मीटर दूर एक खेत की बाड़ तक पहुंचा, जहां तार का फंदा मिला। इसी जगह तेंदुए के बाल भी बरामद हुए। फंदा और बाल मिलने के बाद वन विभाग ने आसपास के क्षेत्र को खंगाला और मामले की जांच को आगे बढ़ाया। यह सुराग मिलने के बाद तेंदुए की मौत को लेकर शिकार की आशंका भी जांच के दायरे में आ गई है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि तेंदुआ तार के फंदे में फंसा था या किसी अन्य वजह से उसकी मौत हुई।
पहला सुराग मिलने के बाद वन विभाग ने दोबारा खोजी डॉग की मदद से जांच कराई। इस बार डॉग करीब 600 मीटर दूर एक अन्य खेत तक पहुंचा। लगातार दो स्थानों पर डॉग के पहुंचने के बाद वन विभाग ने आसपास के खेतों और वहां मौजूद लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू की। जांच में मिले सुरागों के आधार पर वन विभाग ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खेतों की बाड़ में तार का फंदा किसने लगाया था और उसका तेंदुए की मौत से कोई संबंध है या नहीं।
खेत की बाड़ में तार का फंदा और उसके पास तेंदुए के बाल मिलना जांच का अहम बिंदु माना जा रहा है। वन विभाग यह भी जांच कर रहा है कि तार खेत की सुरक्षा के लिए लगाया गया था या तेंदुए को पकड़ने या फिर शिकार करने के उद्देश्य से । इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि तार में किसी तरह का करंट तो प्रवाहित नहीं किया गया था।
वन विभाग ने मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल तीन संदिग्धों से पूछताछ के साथ वन विभाग की टीम देवरी बीट और आसपास के खेतों में जांच कर रही है। रीठी वन परिक्षेत्र के एसडीओ एवं आईएफएस अधिकारी कार्तिकेय भट्ट ने बताया कि देवरी में तेंदुए की मौत की सूचना मिलने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
Updated on:
10 Sept 2026 10:05 pm
Published on:
10 Sept 2026 10:05 pm
