कटनी

सैकड़ों पुलिसकर्मियों के बीच अफसर ने आरक्षक को पीटा

पुराने कंट्रोल रूम में नववर्ष ड्यूटी तैनाती के दौरान का मामला, कोतवाली पुलिस ने कराया मेडिकल परीक्षण
2 min read
• •
Updated: 1 Jan 2018, 9:34 AM IST
Officer beat constable in katni
Officer beat constable in katni

कटनी. प्रदेश में पुलिसकर्मियों द्वारा आत्महत्या किये जाने के मामलों में इजाफा हुआ है। पुलिसकर्मी जहां परिवार समस्याओं के चलते यह कदम उठा रहे हैं तो कहीं वरिष्ठ अफसरों की प्रताडऩा भी इसके लिये जिम्मेदार हैं। प्रदेश के डीजीपी खुद अफसरों को संवेदनशीलता बरतने की नसीहत दे चुके हैं। इन सबके बावजूद पुलिस अफसरों के व्यवहार में सुधार नहीं आ रहा है। ऐसा ही एक मामला जिले में सामने आया है, जहां रक्षित निरीक्षक द्वारा पुलिस लाइन में पदस्थ एक आरक्षक के साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई है। इस दौरान करीब १५० की संख्या में पुलिसकर्मी, सीएसपी शशिकांत शुक्ला सहित अन्य मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार नववर्ष के पूर्व संध्या पर रविवार शाम सुरक्षा-व्यवस्था के मद्देनजर पुलिसबल को ड्यूटी प्वाइंट तैनाती के लिए पुराने कंट्रोल रूम कोतवाली थाना बुलाया गया। बल में पुलिसलाइन में पदस्थ स्टॉफ भी शामिल था। ड्यूटी वितरण के दौरान आईआर केशवसिंह चौहान व पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक आशीष आर्मो के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरक्षक ने कोतवाली थाना में शिकायत पर आईआर पर गाली-गलौज कर मारपीट करने का आरोप लगाया है। आरक्षक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मेडिकल परीक्षण करवाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
ये लिखा शिकायत में
कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में आरक्षक आशीष आर्मो ने आरोप लगाया है कि शाम को ड्यूटी वितरण के बाद वह टॉयलेट के लिए परिसर में बने टॉयलेट चला गया था। ५-७ मिनट बाद जब वह वापस लौटा तो आरआई ने विलंब से आना कहकर गाली-गलौज करने लगे और ३-४ थप्पड़ भी मार दिये।
कारण पूछा तो करने लगा विवाद
इधर, आरआई केशवसिंह चौहान ने आरक्षक के आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी वितरण के बाद ब्रीफिंग कर हाजिरी होने के बाद प्वाइंट पर जाने के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन आरक्षक पहले ही चला गया। वापस आने पर कारण पूछा तो वह विवाद करने लगा। थप्पड़ मारने जैसी कोई घटना नहीं हुई है।
इनका कहना
आरक्षक द्वारा आरआई पर गाली-गलौज व मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत की गई है। आरक्षक का मेडिकल परीक्षण करवाकर मामले की जांच की जा रही है।
शैलेष मिश्रा, टीआई, कोतवाली

Published on: