जनपद पंचायत कटनी हुई ओडीएफ, जनपद सभा ने संकल्प किया पारितकार्यक्रम में कृषकों की समस्या पर भी हुआ मंथन
कटनी. स्वच्छ भारत की दिशा में कटनी जनपद पंचायत ने बाजी मार ली है। सभी पंचायतों को को परिषद द्वारा ओडीएफ (खुले शौच से मुक्त) घोषित किया गया है। जनपद पंचायत के खुले में शौच से मुक्त होने पर जनपद सभा कक्ष में विशेष सभा का आयोजन किया गया। इस संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। बताया गया कि ग्राम पंचायतों द्वारा पात्र परिवारों के शत-प्रतिशत शौचालय निर्मित हो चुके हैं। ध्वनिमत से सर्वसम्मति के आधार पर ओडीएफ घोषित किया गया। सदन को बीसी स्वच्छ भारत मिशन द्वारा 150000 पुरस्कार की राशि सहित अन्य विषयों पर विस्तार से अवगत कराया गया। जनपद पंचायत कटनी के अध्यक्ष कन्हैया तिवारी की अध्यक्षता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी गणेश पांडे जी की उपस्थिति में निर्धारित एजेंडा के अनुसार उपाध्यक्ष अर्चना जायसवाल एवं जनपद सदस्यों की उपस्थिति में कार्यवाही संपन्न हुई।
कृषकों की समस्या पर मंथन
बैइक में प्रमुखता से कृषकों एवं ग्रामीणजनों की समस्या पर मंथन किया गया। किसानों की समस्या को ध्यान में रखते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जबलपुर के स्थान पर जिला कटनी में स्थापित करने के लिए सर्वसम्मति से विस्तार से चर्चा कर संकल्प पारित किया गया। जिससे कृषकों को नेफ्ट से शीघ्र भुगतान हो, आवागमन में सुविधा एवं बोर्ड के अधिकारी कर्मचारी-गणों को भी आसान पहुंच की सुविधा प्राप्त हो। इस संबंध में सदन द्वारा प्रभारी मंत्री, विधायक एवं कलेक्टर महोदय के माध्यम से शासन स्तर से स्वीकृति के लिए चर्चा हुई। ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए पीएचई विभाग के उपस्थित उपयंत्री को निर्देशित किया गया की ग्राम पंचायतों से प्राप्त 196 हैंडपंपों के सुधार एवं आवश्यकतानुसार नवीन हैंडपंप तथा नल जल योजना के सुधार एवं संधारण का कार्य 15 दिवस के अंदर अनिवार्यता कर लें। जिसके लिए जनपद स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम को प्रति दिवस निराकृत हैंडपंपों की जानकारी दी जाना सुनिश्चित करें।
हुआ निंदा प्रस्ताव पारित
सदन द्वारा शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के लगातार अनुपस्थित रहने पर निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। अध्यक्ष द्वारा शाला प्रवेश उत्सव के साथ-साथ साइकिल वितरण एवं अन्य कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को सूचित नहीं किए जाने पर नाराजगी जाहिर की। बैठक में मनरेगा, स्थापना, कपिल धारा, पंच परमेश्वर योजना, लेबर बजट बढ़ाने के साथ साथ अन्य विषयों पर समीक्षा की गई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, सहकारिता, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, स्वास्थ्य, पशु, चिकित्सा, वन विभाग एवं अन्य उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। बैठक में जनपद सदस्य सर्व मोहित पाठक, शेख शहीद वाजिद भाई, नेहा पटेल, प्रदीप तिवारी, कंचन हलदकार, योगेंद्र कुमार असाटी, आरके तिवारी, जग्गी पटेल, बलराम दहिया, वर्षा जैन, दिलीप गुप्ता, राजकुमार पांडे आदि की उपस्थिति रही।
--------------------------------
जनपद पंचायत, कटनी, खुले में शौच, ओडीएफ, पाबंदी,