कटनी

खुद को बताया पुलिसकर्मी, जांच के लिए लिया व्यापारी का बैग, जेवर लेकर हुए फरार

बाइक पर सवार थे दो युवकसीसीटीवी कैमरे में हुए कैद

less than 1 minute read
Sep 21, 2019
cctv footage

कटनी। कोतवाली थाना के गर्ग चौराहा में बड़वारा के एक सराफा व्यापारी से दो युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर बैग की जांच की और लाखों के जेवर लेकर भाग निकले। व्यापारी को जब समझ आया तो उसने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। आरोपी चौराहे से भागते हुए नजर आए हैं।
जानकारी के अनुसार बड़वारा के रोहनिया गांव निवासी सराफा व्यापारी पुरुषोत्तम सोनी शनिवार को खरीदी करने कटनी आए थे। उन्होंने बाजार से लगभग 65 ग्राम सोने के जेवर खरीदे, जिनकी कीमत तीन लाख के आसपास थी। देर शाम घर जाने से पहले वे गर्ग चौराहा पहुंचे और मेडिकल स्टोर से दवा लेने के बाद ऑटो पकडऩे जा रहे थे, तभी दो युवक उनके पास आए और खुद को पुलिसकर्मी बताकर जांच की बात कही। युवकों ने उनका बैग जांच के बहाने ले लिया और जांच करने के बाद वापस कर वहां से निकल गए। जब सराफा व्यापारी ने अपने बैग की जांच की तो उसमें सोने के जेवरों की डिब्बी गायब थी। उन्होंने आसपास युवकों की खोज की लेकिन वे तब तक फरार हो चुके थे। घटना की जानकारी लगते ही चौराहे में लोगों की भीड़ लग गई। पीडि़त ने कोतवाली पुलिस को शिकायत दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही चौराहे की दुकानों में लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले। इसमें दो युवक बाइक से घंटाघर की ओर जाते दिखे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है। संभावना है कि आरोपी पहले से ही व्यापारी का पीछा करते हुए आ रहे थे।

Published on:
21 Sept 2019 11:47 pm
Also Read
View All