कटनी

सरदार पटेल की जयंती पर कटनी में एकता की दौड़, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का दिया खास संदेश

National Unity Day : पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर किया मैराथन का शुभारंभ, पांच वर्गों में विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित।
2 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 1:58 PM IST
National Unity Day
राष्ट्रीय एकता दिवस पर दौड़े शहरवासी (फोटो सोर्स: Patrika)

Katni News : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को मध्य प्रदेश की कटनी पुलिस और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 5 किलोमीटर की मैराथन ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू हुई इस मैराथन को पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।

मैराथन पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर माधवनगर गेट एवं विश्राम बाबा मार्ग से होते हुए वापस पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, पुलिस जवानों, खिलाड़ियों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

पांच वर्गों में प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम

राष्ट्रीय एकता दिवस (फोटो सोर्स: Patrika)

मैराथन में विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा हुई। खेल विभाग वर्ग में दिलराज ने प्रथम, विकास साहू ने द्वितीय और धर्मेंद्र कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्कूल बालक वर्ग में साहिल चक्रवर्ती प्रथम, सत्यम प्रजापति द्वितीय और गौरव वर्मा तृतीय रहे। स्कूल बालिका वर्ग में स्वप्निल पाल ने प्रथम, रश्मि सिंह ने द्वितीय और चंद चौधरी ने तृतीय स्थान हासिल किया।

विजेताओं को ट्रॉफी देकर किया गया सम्मानित

प्रतिभागियों को दिया गया पुरुस्कार (फोटो सोर्स: Patrika)

इसी तरह पुलिस विभाग पुरुष वर्ग में राहुल कोल प्रथम, रितेश कोल द्वितीय और अनुराग गर्ग तृतीय रहे। पुलिस विभाग महिला वर्ग में साक्षी लोधी ने प्रथम, जयंती के ने द्वितीय और अर्चना सिंह जादौन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय एकता बनाए रखने की दिलाई शपथ

छात्रों को दिलाई शपथ (फोटो सोर्स: Patrika)

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, आपसी भाईचारे और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली एवं खेल गतिविधियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक अनिमेष द्विवेदी, रक्षित निरीक्षक सपना त्रिपाठी, कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया, यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह, माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र यादव, एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत सहित खेल विभाग के वीरेंद्र पांडे, दिनेश कनौजिया, देवी प्रसाद मरावी, श्रद्धा पांडे, चेतना झा, उमा चडार एवं रेखा सहित पुलिस और खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Updated on:
31 Oct 2026, 1:58 PM IST
Published on: